बलिया गोलीकांड मामले में 9 पुलिसकर्मी निलंबित, 5 लोग हुए गिरफ्तार

चिरौरी न्यूज़

लखनऊ: बलिया में हुए गोलीकांड में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है जबकि नौ पुलिसकर्मी को बर्खास्त किया गया है। बलिया में सरकारी दुकान के चयन के दौरान गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी। इस मामले में तीन उप निरीक्षक सहित नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दबिश दी जा रही है, लेकिन मुख्य आरोपी धीरेंद्र समेत सभी फरार हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में पहले ही उप जिलाधिकारी सुरेश चंद्र पाल और पुलिस उपाधीक्षक चन्द्रकेश सिंह को निलंबित कर दिया था।

पुलिस अधीक्षक संजय कुमार यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में सरकारी सस्ते गल्ले के दुकान के चयन के दौरान हुई घटना के मामले में लापरवाही बरतने पर रेवती थाने में तैनात तीन उप निरीक्षकों- सूर्यकांत पांडेय, सदानन्द यादव और कमला सिंह यादव समेत 6 अन्य आरक्षियों को निलंबित कर दिया गया है।

अपर पुलिस महानिदेशक ब्रजभूषण और पुलिस उप महानिरीक्षक सुभाष चंद्र दूबे बलिया पहुंच गए हैं। उन्होंने घटना स्थल का दौरा किया। पुलिस उप महानिरीक्षक सुभाष चंद्र दूबे ने पत्रकारों को बताया कि इस घटना में प्रथम दृष्टया पुलिस की लापरवाही सामने आई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *