नीतीश सरकार का कैबिनेट विस्तार, बीजेपी के शाहनवाज हुसैन सहित 17 नये मंत्रियों ने ली शपथ

चिरौरी न्यूज़

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है जिसमें 17 नए चेहरों ने मंत्री पद की शपथ ली। भाजपा कोटे से नौ और जदयू कोटे से आठ लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली। बीजेपी की ओर से विधान परिषद के सदस्य शाहनवाज हुसैन को मंत्री बनाने के बाद अब उन्हें उद्योग विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संजय झा को जल संसाधन और सूचना-जनसंपर्क मंत्रालय की जिम्मेवारी दी गयी है।

बिहार में बहुत दिनों से मंत्रिमंडल विस्तार की खबर आरही थी, लेकिन किसी कारणवश नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी एनडीए सरकार मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं कर पा रहा था। इन नए चेहरों के साथ ही बिहार सरकार की कैबिनेट में अब कुल 31 मंत्री हो चुके हैं।

नीतीश सरकार के कैबिनेट विस्तार में चार ऐसे नेताओं को भी मंत्री पथ की शपथ दिलायी गयी है। जो पहले से कभी ना कभी मंत्री रहे हैं। इसमें सबसे पहला नाम सम्राट चौधरी का है। सम्राट चौधरी वर्ष 1999 में कृषि मंत्री रह चुके है। इसके साथ ही वो एनडीए की गठबंधन वाली सरकार में वर्ष 2014 में नगर विकास व आवास विभाग के मंत्री भी रहे थे। दूसरा नाम श्रवण कुमार का है। श्रवण कुमार एनडीए की पिछली सरकार में जदयू कोटे से मंत्री थे। अब उन्हें दोबारा मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा संजय झा को भी जदयू कोटे से दोबारा मंत्री बनाया गया है। संजय झा पूर्व में जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। चौथा नाम लेसी सिंह का है। लेसी सिंह पिछली नीतीश सरकार में समाज कल्याण मंत्री थी।

इस मंत्रिमंडल विस्तार में एनडीए में शामिल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी से किसी को भी मंत्री नहीं बनाया गया है। कैबिनेट विस्तार के साथ ही राज्य सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत 31 सदस्य हो गए। नियमों के मुताबिक मंत्रियों की संख्या अधिकतम 36 हो सकती है।इस हिसाब से अभी पांच सीट और खाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *