सीबीआई कर सकती है रिया चक्रवर्ती को पूछताछ के लिए गिरफ्तार

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: सुशांत सिंह राजपूत मौत के मामले में सीबीआई रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर पूछताछ कर सकती है। सुशांत के पिता के वकील विकास सिंह ने ये बातें एक न्यूज़ चैनल के साथ बातचीत में कही है। विकास सिंह ने कहा कि रिया चक्रवर्ती इस मामले में मुख्य आरोपी है, इसलिए सीबीआई उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है। बता दें कि सुशांत सिंह के पिता के के सिंह ने जो एफआईआर दर्ज करायी है उसमें रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाये गये हैं।

विकास सिंह ने कल कहा था कि रिया चक्रवर्ती को आखिर किस हैसियत से मुंबई पुलिस ने पोस्टमार्टम से पहले शवगृह जाने की इजाजत दी थी। जानकारी के अनुसार रिया चक्रवर्ती लगभग 45 मिनट तक वहां रही थीं। विकास सिंह ने सवाल उठाया है कि क्या रिया चक्रवर्ती वहां सुबूतों के साथ छेड़छाड़ करने गयीं थीं।

महेश भट्ट और रिया के बीच हुई व्हाट्‌सएप चैट पर सवाल उठाते हुए वकील विकास सिंह ने कहा कि ऐसा लगता है कि रिया चक्रवर्ती रिया कोर्ट में झूठ बोल रही थी। विकास सिंह ने कहा कि रिया चक्रवर्ती ने कोर्ट में कहा था कि वह सुशांत से प्यार करती थी और उसके जाने के बाद उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। लेकिन रिया और महेश भट्ट का जो व्हाट्‌सएप चैट लीक हुआ है, उससे ऐसा लगता है कि रिया साफ़ साफ़ झूठ बोल रही है।

बता दें कि जो व्हाट्‌सएप चैट लीक हुआ है उसमें रिया ने महेश भट्ट को किये मैसेज में लिखा है कि आपकी आयशा भरे मन से सबकुछ छोड़ आयी है और राहत महसूस कर रही है। जबकि कोर्ट में रिया ने इसके विपरीत कहा था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *