यूपी चुनाव में कांग्रेस की एकला चलो नीति

Congress's 'Ekla Chalo' policy in UP electionsचिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस इस बार किसी राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन नहीं करेगी और अकेले दम पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। आज बुलंदशहर में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस पार्टी यूपी में अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हम सारी सीटों पर लड़ेंगे, अपने बल पर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हम यहां पर कांग्रेस को मज़बूत करने आए हैं, क्योंकि कांग्रेस ही इस देश के लिए खड़ी है।

प्रियंका गांधी ने पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन में उत्तर प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी के साथ साथ बहुजन समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, “नेहरू जी ने कहा था, भारत माता की जय के नारे में किसान, मजदूर, महिला, श्रमिक, सैनिक, एक-एक देशवासी की जय है।  गांधी, नेहरू, पटेल, अंबेडकर जैसे तमाम स्वतंत्रता सेनानियों को आजादी का मतलब मालूम था। उन्हें आजादी की कीमत पता थी। जिन्होंने आजादी के लिए खून पसीना नहीं बहाया उन्हें आजादी का मतलब समझ नहीं आता। इसीलिए बीजेपी नेतृत्व आजादी का आदर नहीं करता।”

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस केवल विकास नहीं लाई, भाईचारा भी बढ़ाया है। एक बार फिर करो या मरो का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि आम लोगों का दर्द है कि हमें मंहगाई से मारा जा रहा है। इंसान की पहचान नहीं, केवल वोटबैंक की पहचान है। 70 साल लगे पेट्रोल को 70 रुपये तक आने में, लेकिन 7 सालों में पेट्रोल 100 पर पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *