असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का निधन

चिरौरी न्यूज़

गुवाहाटी: असम के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तरूण गोगोई का आज गुवाहाटी में निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। गोगोई 25 अगस्त को कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे और इसके अगले दिन उन्हें गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वह ठीक हो गए थे,  और 25 अक्टूबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई थी, लेकिन शनिवार को एक बार फिर से उनकी तबियत ख़राब हो गयी और वेंटिलेटर पर रखा गया था।

पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का निधन की सूचना प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने दी। इस से पहले आज सुबह तरुण गोगोई की तबीयत ज्यादा बिगड़ गयी थी, जिसके बाद असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल अपने कार्यक्रमों को रद्द करके डिब्रूगढ़ से गुवाहाटी लौटे थे। सोनोवाल ने इस बात की जानकारी ट्वीट कर के दी थी, और कहा था कि कि आदरणीय तरुण गोगोई दा की तबीयत बिगड़ गयी है। वे हमेशा मेरे लिए पिता के समान रहे हैं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना लाखों लोगों के साथ कर रहा हूं।

बता दें कि तरुण गोगोई असम के सबसे लंबे समय 2001 से 2016 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे। वे कांग्रेस पार्टी के नेता थे। तरुण गोगोई का जन्म एक अप्रैल 1936 में हुआ था। उनके पिता डॉक्टर थे। उन्होंने गुवाहाटी यूनिवर्सिटी से एलएलबी की डिग्री ली थी। वे छह बार लोकसभा के सदस्य चुने गये थे। तरुण गोगोई ने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और नरसिंह राव के साथ भी काम किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *