पूर्व केन्द्रीयमंत्री और जाट नेता चौधरी अजित सिंह का कोरोना से हुआ निधन

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष और पश्चिम उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय जाट नेता अजीत सिंह का गुरुवार को कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। मगंलवार रात तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज उनका निधन हो गया।  वह 80 साल के थे। अजीत सिंह के बेटे और पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अजीत सिंह 20 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे और छह मई की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

जयंत चौधरी ने कहा, “दुख और महामारी के काल में हमारी प्रार्थना है कि अपना पूरा ध्यान रखें, संभव हो तो घर में रहें और सावधानी जरूर बरतें। इससे देश में सेवा कर रहे डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी मदद मिलेगी। ये चौधरी साहब को आपकी सच्चा श्रदांजलि होगी।”

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर अजित सिंह के निधन पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!”

बता दें कि अजित सिंह पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे थे। अजित सिंह 6 बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा सांसद रहे। इसके अलावा 4 प्रधानमंत्रियो की कैबिनेट में मंत्री भी रहे। अजित सिंह ने साल 1986 से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी जब वह राज्यसभा भेजे गए थे। 1987 से 1988 तक लोकदल (ए) और जनता पार्टी के अध्यक्ष पद भूमिका निभाई। 1989 में अपनी पार्टी का विलय जनता दल में कर दिया था।

समाजवादी पार्टी ने भी अजित सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पार्टी के ट्वीटर हैंडल से लिखा गया कि, ‘राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह जी का निधन, अत्यंत दुखद! आपका यूं अचानक चले जाना किसानों के संघर्ष और भारतीय राजनीति में कभी ना भरने वाली जगह छोड़ गया है। शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना! दिवंगत आत्मा को शांति दे भगवान।’

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने आरएलडी के अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रेषित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *