यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का निधन, प्रधनामंत्री मोदी सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: राम मंदिर आन्दोलन में अग्रणी भूमिका निभानेवाले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कल्याण सिंह के निधन से पूरा देश मर्माहत है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए लखनऊ पहुंचे जहाँ उनका स्वागत सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया। प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से सीधे कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए रवाना हो गए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री ने कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन करने के बाद मीडिया से कहा, “हम सब के लिए ये शोक की घड़ी है। कल्याण सिंह जी के माता-पिता ने उनका नाम कल्याण सिंह रखा था। उन्होंने अपने माता-पिता के दिए नाम को सार्थक किया। वो जीवन भर जनकल्याण के लिए जिए, जनकल्याण को ही अपना मन बनाया। उन्होंने अपना जीवन भारतीय जनता पार्टी, भारतीय जनसंघ और देश के लिए समर्पित कर दिया। कल्याण सिंह भारत के कोने-कोने में एक विश्वास का नाम बन गए थे।”

बता दें कि कल रात 9 बजे के करीब कल्याण सिंह जी का लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे। कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को नरौरा में गंगा तट पर किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ कल्याण सिंह एक प्रतिबद्ध निर्णयकर्ता का नाम बन चुके थे। जीवन का अधिकतम समय उन्होंने जन कल्याण के लिए लगाया। उनको जब भी जो दायित्व मिला। उसे उन्होंने बखूबी निभाया। सरकार, संगठन जो भी दायित्व मिला उसे उन्होंने पूरा किया। देश ने एक मूल्यवान शख्सियत खोया है। मैं भगवान प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके परिवार और समर्थकों को ये दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’ वहीं श्रद्धांजलि देने के बाद पीएम मोदी परिवार वालों से मिलने अंदर गए और उनका ढांढस बंधाया। इस दौरान पीएम मोदी के साथ जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश के मुख्य्म्नात्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उन्होंने प्रदेश में 23 अगस्त को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका जनता के साथ अद्भुत जुड़ाव था। वहीं, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें राष्ट्रवादी तथा बेमिसाल नेता बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *