राजस्थान में सरकार गिराने के सवाल पर बोले गहलोत- भाजपा ने सारी हदें तोड़ दी

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: राजस्थान में सियासत गरमा गयी है। राज्यसभा चुनाव के दौरान हुए हॉर्स ट्रेडिंग की जांच राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप पहले से कर रही थी जिसके सिलसिले में आज दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। बताया जा रहा है कि एसओजी ने कई संदिग्धों के फोन सर्विलांस पर रखा था और प्रदेश की कांग्रेस सरकार के तख्तापलट की साजिश से उसने पर्दा उठाया है।

आज राजस्थान में विधायकों की खरीद फरोख्त पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि भाजपा ने सारी हदें तोड़ दी हैं। भाजपा खरीद फरोख्त करके सरकार गिराने की कोशिश में लगी रहती है। गहलोत ने कहा कि लेकिन भाजपा का सारा ध्यान सरकार गिराने पर रहता है। उन्होंने अपने आरोपों में कहा कि विधायकों को अपनी निष्ठा बदलने के लिए 10 से 15 करोड़ रुपये तक की पेशकश की जा रही है।

इधर राजस्थान पुलिस के विशेष कार्यबल (एसओजी) ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट व सरकार के मुख्य सचेतक महेश जोशी को बयान देने के लिए बुलाया है। एसओजी के द्वारा की गई दो मोबाइल नंबरों की निगरानी से सामने आये तथ्यों के आधार पर राज्य में विधायकों की खरीद फरोख्त और निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने के आरोपों में शुक्रवार को एक मामला दर्ज किया गया था। एसओजी अधिकारियों के अनुसार इन नंबरों पर हुई बातचीत से ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य सरकार को गिराने के लिए सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों को प्रलोभन दिया जा रहा है।

बता दें कि गत 19 जून को राज्य से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव से पहले सत्तारूढ़ कांग्रेस ने कुछ विधायकों को प्रलोभन दिए जाने का आरोप लगाया था। पार्टी की ओर से इसकी शिकायत विशेष कार्यबल (एसओजी) को की गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *