विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन पर बंगाल में हुआ हमला, विडियो हो रहा है वायरल

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के रिजल्ट्स के बाद शुरू हुई हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। आज बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर में विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन की कार पर स्थानीय लोगों ने हमला किया है जब वो एक बीजेपी कार्यकर्ता से मिलने उनके घर जा रहे थे। ये जानकारी खुद मुरलीधरन ने हमले का वीडियो ट्वीट कर दी है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है। इस दौरान उनकी गाड़ियों के शीशे टूट गए। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन का ट्वीट किया हुआ विडियो अब वायरल हो रहा है।

विधानसभा चुनाव के रिजल्ट्स के बाद हुई हिंसा में मारे गए कई बीजेपी कार्यकर्ताओं को हौसला देने के लिए आजकल कई नेता बंगाल में हैं। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन भी इसी सिलसिले में पश्चिमी मिदनापुर में थे। उन्होंने अपना दौरा बीच में ही रद्द कर दिया है।

मुरलीधरन पर हुए हमले की केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर निंदा की है। उन्होंने कहा, ‘लाखों लोगों को घर छोड़ना पड़ा, क्योंकि उनके घरों पर हमले किए गए। जला दिए गए। ये लोकतंत्र नहीं है। आज जिस तरह से विदेश राज्यमंत्री मुरलीधरन पर हमला हुआ है, बंगाल सरकार ने लोकतंत्र को शर्मसार कर दिया है। मंत्री सुरक्षित नहीं है तो फिर सामान्य जनता का क्या होगा। हम इस हमले की निंदा करते हैं। हमला करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इस तरह के हमले की धमकी ममता बनर्जी पहली ही अपने भाषण में दे चुकी हैं।’

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर ममता बनर्जी पर हमला बोला। कहा- कितने शर्म की बात है। आपमें इतना साहस आ गया कि पश्चिमी मेदिनीपुर में आप अपने लोगों को केंद्रीय मंत्री पर हमला करने के लिए उकसाती हैं। क्या यह फर्जी वीडियो है?

संबित पात्रा ने आगे पूछा कि क्या आपने बंगाल को किलिंग फील्ड (हत्या के मैदान) में नहीं तब्दील कर दिया। आपके कार्यकाल में शासन प्रायोजित हिंसा का दौर पूरी दुनिया देख रही है।

टीएमसी का कहना है कि ये बीजेपी की आपसी रंजिश का नतीजा है। बता दें कि बुधवार को शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया था कि राज्य में हिंसा बर्दाश्त नहीं की जायेगी। जो भी हिंसा करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *