संगीतकार राम लक्ष्मण का निधन

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ साथ हैं’, जैसी हिंदी, मराठी और भोजपुरी की 75 से ज्यादा फिल्मों में संगीत देने वाले राम लक्ष्मण उर्फ विजय पाटिल का शुक्रवार रात नागपुर में हार्ट अटैक के बाद निधन हो गया।

उनके बेटे अमर पाटिल ने पिता की मृत्यु की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि, “पिताजी कोरोना से संक्रमित नहीं थे। उन्होंने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज 6-7 दिन पहले ही ली थी। इसके बाद से उन्हें बुखार और कमजोरी सी महसूस हो रही थी। रात 2।00 बजे उन्हें हार्ट अटैक आया और वे चल बसे।”

बता दें कि विजय पाटिल पिछले साल अक्टूबर से ही नागपुर में अपने घर में थे। जहाँ उन्होंने अंतिम सांस ली। 1977 में आई फिल्म ‘एजेंट विनोद’ उन्होंने राम के साथ साइन की थी लेकिन कुछ दिनों बाद उनके जोड़ीदार की मृत्यु हो गयी थी। उसके बावजूद भी उन्होंने अपने नाम में राम लगाये रखा। राम लक्ष्मण राजश्री प्रोडक्शन्स की की कई फिल्मों के सुपरहिट संगीत देने के लिए जाने जाते हैं।‌ उन्होंने दादा कोंडके की कई हिंदी और मराठी फिल्मों में भी संगीत दिया।

लता मंगेशकर ने राम लक्ष्मण ‌में ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ साथ हैं’, जैसी तमाम फिल्मों के‌ लिए कई सुपरहिट गाने गाये थे। उन्होंने विजय पाटिल को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा – “अभी पता चला है कि बहुत गुणी और लोकप्रिय संगीतकार राम लक्ष्मण जी (विजय पाटिल) का स्वर्गवास हुआ है। वो बहुत अच्छे इंसान थे। मैंने उनके कई गाने गाये जो काफी लोकप्रिय हुए। मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *