प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर किया हमला, कहा ‘किसानों को देशद्रोही कहना पाप’

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्ष मार्च निकालने की तैयारी में था लेकिन प्रशासन के द्वारा इसकी इजाजत नहीं मिली। राहुल गांधी किसानों के पक्ष में विजय चौक से लेकर राष्ट्रपति भवन तक मार्च करने की तैयारी में थे। लेकिन प्रशासन ने नई दिल्ली इलाके में धारा 144 लागू कर दी और राष्ट्रपति भवन के पास सुरक्षा को बढ़ा दिया।

इसके बावजूद भी राहुल गाँधी और प्रियंका गाँधी अन्य कांग्रेसी नेताओं के साथ राष्ट्रपति से मिलने जा रहे थे, जिसके बाद प्रियंका गाँधी को हिरासत में ले लिया गया है।

गिरफ्तार किये जाने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि हम राजनीतिक दल हैं और हमें किसानों का समर्थन करने का अधिकार है। किसानों की बात सरकार को सुननी चाहिए। किसानों को देश द्रोही कहना पाप है। किसानों के लिए सरकार के दिल में कोई जगह नहीं है। किसानों को कोई बरगला नहीं रहा है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगे कहा कि जवान किसान का बेटा होता है, जो किसानों की आवाज ठुकरा रहा है, अपनी जिद्द पर अड़ा हुआ है जबकि देश का अन्नदाता बाहर ठंड में बैठा है तो उस सरकार के दिल में क्या जवान, किसान के लिए आदर है या सिर्फ अपनी राजनीति, अपने पूंजीपति मित्रों का आदर है?

इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करके मोदी सरकार पर हमला किया है। राहुल ने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि भारत के किसान ऐसी त्रासदी से बचने के लिए कृषि-विरोधी क़ानूनों के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे हैं, इस सत्याग्रह में हम सबको देश के अन्नदाता का साथ देना होगा। इससे पहले मार्च के बाद राहुल और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं का राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करने का प्रोग्राम था। कांग्रेसी नेता राष्ट्रपति को 2 करोड़ हस्ताक्षर वाला ज्ञापन सौपने वाले हैं जिसमें केंद्रीय कृषि कानूनों को निरस्त करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *