रवीना ने जीता स्वर्ण, यूथ वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भारत का 11 पदकों के साथ अभियान समाप्त

Raveena wins gold, ends India's campaign with 11 medals in Youth World Boxing Championshipचिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: मौजूदा एशियन यूथ चैम्पियन रवीना ने दमखम के साथ मजबूत प्रदर्शन करके अपना फाइनल बाउट जीत लिया और स्पेन के ला नुसिया में आईबीए यूथ मेंस एंड विमेंस वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पियनशिप 2022 में एक और स्वर्ण पदक जोड़कर भारत के कुल पदकों की संख्या को 11 तक पहुंचा दिया।

रवीना (63 किग्रा) अपने फाइनल बाउट में नीदरलैंड्स की मेगन डेक्लेर के खिलाफ रिंग में उतरी थीं। इस मुकाबले में अच्छी शुरुआत नहीं करने के बावजूद भारतीय मुक्केबाज ने डच प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अपनी तकनीकी क्षमता और तेज गति का भरपूर उपयोग करके प्रभावशाली वापसी की। संघर्ष से भरपूर रहा यह कड़ा मुकाबला एशियाई यूथ 2022 की गोल्ड मेडलिस्ट के पक्ष में समाप्त हुआ। बाउट की समीक्षा के बाद रवीना ने 4-3 से जीत हासिल की।

एक अन्य फाइनल बाउट में कीर्ति (81+ किग्रा) 2022 यूरोपियन यूथ चैम्पियन आयरलैंड की क्लियोना एलिजाबेथ डी’आर्सी के हाथों 0-5 से हार गईं। इस हार के कारण भारतीय मुक्केबाज को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

इस चैम्पियनशिप में भारत का दबदबा रहा, क्योंकि 25 सदस्यीय दल ने कुल 11 पदक जीते, जिनमें चार स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। कुल मिलाकर, 17 भारतीयों ने टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था जो 2022 संस्करण में किसी भी अन्य देश से अधिक है।

भारतीय महिला मुक्केबाज कुल आठ पदकों के साथ चैम्पियनशिप के इस साल के संस्करण में सबसे आगे रहीं। उनके बाद कजाकिस्तान (5) और उज्बेकिस्तान (4) हैं।

रवीना (63 किग्रा) और देविका घोरपड़े (52 किग्रा) ने स्वर्ण जीते। कीर्ति (+81 किग्रा), भावना शर्मा (48 किग्रा) को रजत पदक मिले जबकि मुस्कान (75 किग्रा), लशु यादव (70 किग्रा), कुंजारानी देवी थोंगम (60 किग्रा) और तमन्ना (50 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते।

पुरुष वर्ग में यूथ एशियाई चैम्पियन वंशज (63.5 किग्रा) व विश्वनाथ सुरेश (48 किग्रा) ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते जबकि आशीष (54 किग्रा) ने रजत पदक हासिल किया।

ला नुसिया में आयोजित की गई इस साल की चैम्पियनशिप में 73 देशों के करीब 600 मुक्केबाजों ने भाग लिया।

भारतीय पदक विजेता:

महिलाएं:-

गोल्ड: रवीना (63 किग्रा), देविका घोरपड़े (52 किग्रा)
सिल्वर: कीर्ति (81+किग्रा), भावना शर्मा (48किग्रा)
ब्रॉन्ज: मुस्कान (75 किग्रा), लशु यादव (70 किग्रा), कुंजारानी देवी थोंगम (60 किग्रा), तमन्ना (50 किग्रा)

पुरुष:-

स्वर्ण: वंशज (63.5 किग्रा), विश्वनाथ सुरेश (48 किग्रा)
रजत: आशीष (54 किग्रा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *