असम-मिजोरम के बीच सीमा विवाद को लेकर स्थिति नियंत्रण में

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: सीमा विवाद को लेकर कल हुई हिंसा के बाद पूर्वोत्तर के दोनों राज्य असम और मिजोरम के बीच स्थिति अभी नियंत्रण में है। कल हुई हिंसा के दौरान असम पुलिस के पांच जवान शहीद हो गए थे। वहीं, 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। गृहमंत्रालय के आला आधिकरियों को हर पल की अपडेट दी जा रही है और उनकी विशेष टीम स्थिति पर नज़र बनाये हुए है।

कल की घटना के बाद स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और दोनों राज्यों के अधिकारियों सहित ख़ुफ़िया विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर कैम्प किये हुए हैं। कल की घटना के बाद कोई अप्रिय वारदात की सूचना नहीं है।

बताया जा रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्मंत्रियों से अलग अलग बात की है। इस से पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने गृह मंत्री को टैग कर कई ट्वीट किये थे जिसमें उनसे विवादों को सुलझाने का आग्रह किया था।

बातचीत के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनसे अंतरराज्यीय सीमा पर शांति बनाए रखने को कहा। गृह मंत्री ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि सीमा विवाद को आपसी सहमति से हल करें। दोनों मुख्यमंत्रियों ने गृह मंत्री को आश्वासन दिया है कि शांति सुनिश्चित करने और सीमा मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बता दें कि असम में बीजेपी की सरकार है, जबकि मिजोरम में बीजेपी नीत पूर्वोत्तर लोकतांत्रिक गठबंधन (नेडा) में शामिल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) की सरकार है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *