सुधांशु मित्तल फिर से चुने गए खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) के अध्यक्ष, एमएस त्यागी बने महासचिव

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: भारतीय खो खो फेडरेशन (केकेएफआई) की वार्षिक बैठक (एजीएम) आज नई दिल्ली में 2021-2025 की अवधि के लिए केकेएफआई के नए पदाधिकारियों का चुनाव करने के लिए आयोजित की गई थी। माननीय न्यायमूर्ति राजेश टंडन, पूर्व न्यायाधीश, उत्तराखंड उच्च न्यायालय (नैनीताल) ने रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) होने के नाते चुनाव परिणामों की घोषणा की। निम्नलिखित पदाधिकारियों को सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किया गया है:

  1. अध्यक्ष: श्री सुधांशु मित्तल
  2. महासचिव: श्री महेन्द्र सिंह त्यागी
  3. कोषाध्यक्ष: श्री सुरेंद्र कुमार भूटियानी

इसके अलावा, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारी समिति के सदस्य भी सर्वसम्मति से चुने गए। श्री अनिल खन्ना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने भी आईओए पर्यवेक्षक के रूप में एजीएम में भाग लिया। सभी राज्य/केंद्र शासित प्रदेश खो-खो संघों का प्रतिनिधित्व करने वाले निर्वाचक मंडल ने केकेएफआई के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया।

केकेएफआई के अध्यक्ष और महासचिव ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए, भारत के स्वदेशी खेल खो-खो के विकास और प्रचार के लिए सभी इकाइयों को न केवल देश में बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। अध्यक्ष ने खो-खो के खेल को एशियाई खेलों के साथ-साथ ओलंपिक में शामिल करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खो-खो कोचिंग कैंप, प्रतियोगिताएं और सेमिनार आदि आयोजित करने के अपने दृष्टिकोण के बारे में भी सदन को बताया।

अपने समापन भाषण में आर.ओ. ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और खो-खो के खेल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए शुभकामनाएं दीं। एजीएम का समापन रिटर्निंग ऑफिसर और राज्य / केंद्र शासित प्रदेश संघों के सभी प्रतिनिधियों को धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *