कोरोना संकट पर चुनाव आयोग की सर्वदलीय बैठक 16 को
चिरौरी न्यूज़
नयी दिल्ली: केंद्रीय चुनाव आयोग ने कहा है की पश्चिम बंगाल के बाकी बचे चार चरणों के चुनाव की तारीख को मर्ज करने का अभी उसके पास कोई योजना नहीं है । हालांकि बंगाल चुनाव को लेकर कल चुनाव आयोग ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है जिसमें संभावना है कि इस पर चर्चा हो। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि बंगाल विधानसभा चुनाव के बाकी बचे चार चरण के वोट तय तारीखों में ही होंगे।
चुनावी रैलियों में उड़ती कोरोना गाइडलाइंस की धज्जियों को देखते हुए शुक्रवार (16 अप्रैल) को चुनाव आयोग ने सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है। इस बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। बैठक में कोरोना संकट को लेकर विचार किया जाएगा।
बंगाल में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण से ट्विटर पर नेताओं को ट्रोल किया जाने लगा है । कई ट्विटर यूजर्स का मानना है कि चुनाव आयोग को पश्चिम बंगाल में बाकी बची सीटों का चुनाव एक ही चरण में करा लेना चाहिए जबकि राजनीतिक पार्टियां कोरोना के बढ़ते मामलों पर एक-दूसरे पर आरोप लगा रही हैं।
महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता नाना पटोले ने पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद पीएम मोदी देश में लॉकडाउन की घोषणा करेंगे। क्योंकि प्रधानमंत्री के लिए जनता की जान से ज्यादा चुनाव महत्वपूर्ण है।
