नवजोत सिंह सिद्धू 10 महीने बाद पटियाला जेल से रिहा
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पटियाला सेंट्रल जेल में बंद पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को दस महीने जेल में बिताने के बाद आज रिहा कर दिया गया। नीले रंग का कुर्ता और पगड़ी पहने सिद्धू को हाथ में किताब लिए जेल से बाहर निकलते देखा गया।
59 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर की रिहाई पर उनका भव्य स्वागत करने के लिए कांग्रेस के कई नेता और समर्थक पटियाला जेल के बाहर जमा हुए थे। उन्होंने ढोल बजाए और ‘नवजोत सिद्धू जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए गए।
क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिद्धू के प्रशंसक और समर्थक उनका भव्य स्वागत करने के लिए जेल के बाहर बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
नवजोत सिद्धू के स्वागत के लिए समर्थकों ने पटियाला शहर में कई जगहों पर उनके पोस्टर और होर्डिंग लगाए थे.
जेल के बाहर समर्थकों में से एक ने कहा, सिद्धू की रिहाई से पार्टी कार्यकर्ता काफी खुश हैं। 1988 में एक रोड रेज मामले में 65 वर्षीय गुरनाम सिंह की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा एक साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद राज्य कांग्रेस के पूर्व प्रमुख को पिछले साल 20 मई को जेल में डाल दिया गया था।
उनके वकील के अनुसार, कारावास के दौरान नवजोत सिद्धू के अच्छे आचरण के कारण रिहाई पहले हो रही है, जैसा कि नियमों के तहत अनुमति है।
नवजोत सिद्धू की अनुपस्थिति में उनकी टीम द्वारा चलाए जा रहे अकाउंट से शुक्रवार को एक ट्वीट में कहा गया, “यह सभी को सूचित किया जाता है कि सरदार नवजोत सिंह सिद्धू को कल पटियाला जेल से रिहा कर दिया जाएगा…जैसा कि संबंधित अधिकारियों ने सूचित किया है।”
सिद्धू के वकील एचपीएस वर्मा ने शुक्रवार को कहा कि नवजोत सिद्धू के परिवार को उनकी पटियाला जेल से रिहाई के संबंध में अधिकारियों से सूचना मिली है.
