सिक्किम: ल्होनक झील में अचानक आई बाढ़ से सेना के 23 जवानों सहित 30 लोग लापता, छह पुल बह गए

Sikkim: 30 people including 23 army personnel missing due to flash flood in Lhonak Lake, six bridges washed away
(Screenshot/Twitter Video)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: मंगलवार देर रात उत्तरी सिक्किम में हिमानी झील के फटने से अचानक आई बाढ़ में कम से कम 30 लोगों के लापता होने की खबर है। इसमें 23 सेना के जवान शामिल हैं।

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि फ्लैश फ्लड उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील में हुआ।

बाढ़ में कई कर्मियों के लापता होने के अलावा, चुंगथांग और रंगपो के बीच कम से कम छह पुल भी बह गए हैं। एक अधिकारी के हवाले से विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि नेशनल हाई 10, जिसे सिक्किम की जीवन रेखा माना जाता है और कई स्थानों पर तीस्ता नदी के समानांतर चलता है, भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। “उत्तरी सिक्किम का संपर्क टूट गया है और सड़कें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई हिस्से दुर्गम हो गए हैं,” अधिकारी ने कहा।

सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निदेशक प्रभाकर राय ने एक बयान में कहा कि लापता हुए लोगों की सही संख्या की अभी भी पुष्टि नहीं हुई है। हम ब्योरा जुटा रहे हैं। हालांकि अब तक सात लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है।

सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि कम से कम 23 सैन्यकर्मी लापता हैं।

“लाचेन घाटी में स्थित कुछ सैन्य प्रतिष्ठान प्रभावित हुए हैं। कम से कम 23 कर्मियों के लापता होने की सूचना है और कुछ वाहनों के कीचड़ में डूबे होने की खबर है। सिंगताम के पास बारडांग में खड़े वाहन प्रभावित हुए,” बयान में कहा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम के तीन जिले – मंगन (उत्तरी सिक्किम), पाक्योंग और गंगटोक (पूर्वी सिक्किम) प्रभावित हुए हैं। मंगन को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। अधिकारियों ने यह भी कहा कि तीस्ता नदी में जल स्तर कुछ घंटों के भीतर खतरे के निशान को पार करने की उम्मीद है। उत्तरी बंगाल और बांग्लादेश के कुछ जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।

“मंगलवार रात करीब 10 बजे हमें सूचना मिली कि लाचेन में पानी का स्तर बहुत तेज़ी से बढ़ रहा है। क्षेत्र में एक सैन्य प्रतिष्ठान था, ”राय ने कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *