छत्तीसगढ़: बीजापुर में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया, दो पुलिसकर्मी शहीद

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया। इस मुठभेड़ में दो सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए जबकि दो अन्य घायल हुए हैं।
यह मुठभेड़ आज सुबह इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के एक जंगल में हुई, जब विभिन्न सुरक्षा बलों के कर्मियों की एक संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मीडिया को बताया कि मारे गए दो सुरक्षाकर्मियों में से एक राज्य पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड से थे और दूसरा विशेष कार्य बल का जवान था।
अतिरिक्त सुरक्षा बलों को घटनास्थल पर भेजा गया है और इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। मारे गए सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं और उनकी पहचान की जा रही है। मुठभेड़ स्थल से बड़ी मात्रा में एके-47, एसएलआर, इंसास राइफल, .303, बीजीएल लांचर हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
घायल सुरक्षाकर्मियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र में भेजा जा रहा है।
