सीज़फायर तोड़ने पर वीरेंद्र सहवाग का पाकिस्तान पर करारा तंज – “कुत्ते की दुम टेढ़ी की टेढ़ी ही रहती है”
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को घोषित हुए युद्धविराम को महज़ कुछ घंटों में ही पाकिस्तान ने तोड़ दिया, जिसके बाद पूरे देश में आक्रोश की लहर दौड़ गई। इस बीच भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला और उसे एक पुरानी हिंदी कहावत से लताड़ते हुए कहा, “कुत्ते की दुम टेढ़ी की टेढ़ी ही रहती है।”
सहवाग, जिन्हें पाकिस्तान के मुल्तान में ऐतिहासिक तिहरा शतक जड़ने के बाद “सुल्तान ऑफ़ मुल्तान” कहा जाता है, ने X (पूर्व में ट्विटर) पर यह बयान जारी कर पाकिस्तान के दोहरे रवैये की कड़ी आलोचना की।
शनिवार सुबह दोनों देशों के सैन्य प्रमुखों (DGMOs) ने एक-दूसरे से बातचीत कर ज़मीनी, हवाई और समुद्री हमलों को तत्काल प्रभाव से रोकने पर सहमति जताई थी। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की थी। जयशंकर ने कहा था,
“भारत ने हमेशा आतंकवाद के खिलाफ सख्त और अडिग रुख अपनाया है और आगे भी अपनाता रहेगा।”
लेकिन शाम होते-होते श्रीनगर, पंजाब, और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं। जम्मू-कश्मीर, पोखरण, और बारामुला में पाकिस्तान द्वारा भेजे गए ड्रोन को भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने मार गिराया। कश्मीर में ब्लैकआउट और रेड अलर्ट जैसे हालात बन गए।
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की शुरुआत 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले से हुई थी, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें ज़्यादातर पर्यटक थे। इसके जवाब में भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के भीतर और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे।
वीरेंद्र सहवाग का यह व्यंग्यात्मक ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। देशभर से लोग उनके बयान का समर्थन करते हुए पाकिस्तान के भरोसे के लायक न होने की बात कह रहे हैं।
एक यूज़र ने लिखा, “सहवाग ने बिल्कुल सही कहा। पाकिस्तान पर विश्वास करना खुद को धोखा देने जैसा है।”
