क्रोएशिया में बर्थडे पार्टी के दौरान शिल्पा शेट्टी और विदेशी पर्यटक में हुई बहस, वीडियो हुआ वायरल

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी हाल ही में अपने पति राज कुंद्रा, बहन शमिता शेट्टी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ क्रोएशिया में अपना 50वां जन्मदिन मना रही थीं। हालांकि, एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया जिसमें शिल्पा और उनके परिवार की एक विदेशी महिला पर्यटक से तीखी बहस होती दिखाई दे रही है।
इस वीडियो को एक इंस्टाग्राम यूजर ने साझा करते हुए लिखा कि यह घटना 9 जून 2025 को हवार आइलैंड (Hvar Island), क्रोएशिया में हुई। यूजर के मुताबिक, शिल्पा और उनके परिवार की आवाज़ें तेज़ थीं, जिस पर वहां बैठी एक विदेशी महिला ने उन्हें धीरे बोलने की विनम्र अपील की। इसके जवाब में शिल्पा और उनका परिवार नाराज़ हो गया।
यूजर का दावा है कि राज कुंद्रा ने कहा, “You don’t know who we are (तुम नहीं जानते हम कौन हैं),” हालांकि वह इस वाक्य को रिकॉर्ड नहीं कर पाया क्योंकि यह बात अचानक हुई।
वीडियो में यह भी सुनाई देता है कि शिल्पा और उनका परिवार कहते हैं, “हमसे बात मत करो, हमें तुमसे कुछ नहीं सुनना है।” जबकि विदेशी महिला केवल शांति से खाना खाने की कोशिश कर रही थी।
यूजर ने यह भी लिखा, “क्या विदेशों में हमारे सेलिब्रिटीज़ का ऐसा व्यवहार जायज़ है? क्या यह घटनाएं भारत की छवि को नुकसान नहीं पहुंचातीं? मुझे लगता है कि अर्नब गोस्वामी जैसे पत्रकारों को इस विषय को उठाकर बॉलीवुड के घमंड को उजागर करना चाहिए।”
राज कुंद्रा ने दी सफाई
वायरल वीडियो पर अब राज कुंद्रा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और Hindustan Times से बात करते हुए पूरे मामले की असल तस्वीर सामने रखी। उन्होंने कहा, “मैं इस वायरल वीडियो को लेकर स्थिति स्पष्ट करना चाहता हूं। मैंने इस रेस्तरां को अपनी पत्नी के जन्मदिन के लिए एक साल पहले ही बुक कर लिया था। लेकिन जब हम पहुंचे, तो हमें बताया गया कि टेबल किसी और ग्रुप को दे दी गई है क्योंकि एजेंट की ओर से ‘डबल बुकिंग’ हो गई थी।”
राज कुंद्रा ने आगे कहा कि, “मुझे खुद रेस्तरां चलाने का अनुभव है, इसलिए इस तरह की व्यवस्था बहुत निराशाजनक थी — खासतौर पर जब हमारे साथ बुजुर्ग माता-पिता, सास और 20 मेहमान थे जो बाहर खड़े इंतज़ार कर रहे थे। जब हमने अपनी चिंता जताई, तो हमें चुप रहने को कहा गया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।”
उन्होंने यह भी बताया कि यह पूरी छुट्टी उन्होंने एक साल पहले से प्लान की थी और इस तरह जन्मदिन का जश्न एक सार्वजनिक तमाशे में बदल जाना उनके लिए बेहद दुखद रहा। “एक साल की प्लानिंग के बाद भी जब न रेस्तरां प्रबंधन ने ज़िम्मेदारी ली और न ही कोई शिष्टाचार दिखाया, तो यह वाकई निराशाजनक था। मुझे उम्मीद है कि मेरी बातों से लोगों को पूरी स्थिति समझ में आ जाएगी,” राज कुंद्रा ने कहा।
