10 साल बाद ईशा गुप्ता ने तोड़ी चुप्पी: “साजिद खान ने दी गालियां, मैंने भी दिया जवाब”

Esha Gupta broke her silence after 10 years: "Sajid Khan abused me, I also replied"चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता ने हाल ही में एक इंटरव्यू में 2014 की फिल्म हमशकल्स के सेट पर निर्देशक साजिद खान के साथ हुई कड़वी झड़प को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सिद्धार्थ कन्नन से बातचीत के दौरान ईशा ने बताया कि साजिद ने उन्हें गालियां दी थीं और उन्होंने भी पलटकर जवाब दिया। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि यह मामला #MeToo से जुड़ा नहीं था और साजिद ने उनके साथ कभी यौन दुर्व्यवहार नहीं किया।

क्या हुआ था सेट पर?

ईशा ने बताया, “साजिद खान और मैं एक पेज पर नहीं थे, और हमारी जमकर लड़ाई हुई। एक बार हुआ, लेकिन उसके बाद चीज़ें कभी वैसी नहीं रहीं। मुझे कोई गाली दे, ये मुझे बर्दाश्त नहीं। जैसा व्यवहार आप दूसरों से चाहते हैं, वैसा ही खुद भी करना चाहिए। उन्होंने मुझे गाली दी, मैंने भी दी।”

फिल्म छोड़ने वाली थीं ईशा

इस घटना के बाद ईशा गुस्से में सेट छोड़कर घर चली गईं और फिल्म छोड़ने का मन बना लिया था। उन्होंने आगे कहा, “मैं सेट से निकल गई, घर गई और तय कर लिया था कि फिल्म नहीं करूंगी। लेकिन प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने सबसे पहले माफी मांगी, फिर बाद में साजिद खान ने भी माफी मांगी।”

#MeToo से नहीं था कोई कनेक्शन

जब ईशा से पूछा गया कि क्या उन्होंने साजिद खान पर #MeToo के तहत कोई आरोप लगाए थे, तो उन्होंने साफ किया, “नहीं, ये अफवाह है। मैं ये साफ कर दूं कि मैंने कभी साजिद के खिलाफ #MeToo में कुछ नहीं कहा। जब उन पर आरोप लगने शुरू हुए, तब किसी ने मेरा नाम भी आरोप लगाने वालों की लिस्ट में जोड़ दिया। मैंने तुरंत साफ किया – नहीं।”

ईशा ने यह भी बताया कि एक अखबार ने साजिद की डेटिंग हिस्ट्री में उनका नाम जोड़ दिया था, जिसके लिए बाद में उस पब्लिकेशन को माफी मांगनी पड़ी।

जिसने गलती की है, उसे जवाब दो”

ईशा ने निष्कर्ष में कहा, “देखिए, जिसने जो गलती की है, उसके लिए बोलो। मैं खुलकर कह रही हूं कि साजिद ने मुझे गाली दी थी, लेकिन उन्होंने मेरे साथ कभी यौन दुर्व्यवहार नहीं किया, इसलिए मैं वो आरोप नहीं लगाऊंगी।”

इस तरह एक दशक बाद ईशा गुप्ता ने साजिद खान से जुड़ी उस घटना पर अपना पक्ष साफ किया है और अफवाहों पर भी विराम लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *