व्यापार तनाव के बीच पीएम मोदी अगले महीने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र को संबोधित कर सकते हैं

PM Modi Likely To Address UNGA Session In New York Next Month Amid Trade Tensionsचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें वार्षिक उच्च स्तरीय सत्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर में संबोधित कर सकते हैं। न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से जारी वक्ताओं की अस्थायी सूची में भारत के “प्रधानमंत्री” का संबोधन 26 सितंबर की सुबह तय किया गया है। इस दिन इज़राइल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के राष्ट्राध्यक्ष भी महासभा को संबोधित करेंगे।

संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र 9 सितंबर को शुरू होगा, जबकि उच्च स्तरीय सामान्य बहस 23 से 29 सितंबर के बीच आयोजित की जाएगी। परंपरा के अनुसार ब्राज़ील इस बहस का पहला वक्ता होगा, उसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को वैश्विक नेताओं को संबोधित करेंगे। यह ट्रंप का दूसरे कार्यकाल में UNGA में पहला भाषण होगा।

प्रधानमंत्री मोदी इस वर्ष फरवरी में अमेरिका गए थे, जहां उन्होंने वॉशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति ट्रंप से द्विपक्षीय वार्ता की थी। उस मुलाकात के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों नेताओं ने इस साल के अंत तक एक बहुपक्षीय और लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण पर सहमति जताई थी। हालांकि, इस बीच अमेरिका ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया है, जिसमें 25 प्रतिशत शुल्क रूस से खरीदे गए तेल पर लागू होगा, जो 27 अगस्त से प्रभावी होगा।

भारत के विदेश मंत्रालय ने इन टैरिफ को अनुचित और अन्यायपूर्ण बताया है। मंत्रालय ने कहा, “भारत एक प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।”

टैरिफ के ऐलान से कुछ दिन पहले ही यह जानकारी दी गई थी कि अमेरिका की एक वार्ता टीम 25 अगस्त से भारत दौरे पर आएगी, ताकि प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते की छठी दौर की बातचीत की जा सके। दोनों देश इस समझौते के पहले चरण को इस साल अक्टूबर-नवंबर तक अंतिम रूप देने की कोशिश में लगे हैं।

हर साल सितंबर में शुरू होने वाला यह उच्च स्तरीय सत्र संयुक्त राष्ट्र का सबसे व्यस्त कूटनीतिक समय माना जाता है। इस बार का सत्र ऐसे समय में हो रहा है जब दुनिया को इसराइल-हमास युद्ध और यूक्रेन संघर्ष जैसी बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के छह महीनों में कई वैश्विक संघर्षों को समाप्त करने का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि उनके नेतृत्व में अर्मेनिया-अज़रबैजान, कंबोडिया-थाईलैंड, इसराइल-ईरान, रवांडा-कांगो, मिस्र-इथियोपिया और सर्बिया-कोसोवो के बीच शांति समझौते हुए हैं। ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच मई में हुए टकराव को भी समाप्त करने का श्रेय खुद को दिया है।

हालांकि संयुक्त राष्ट्र महासभा के वक्ताओं की सूची फिलहाल अस्थायी है और इसमें आने वाले हफ्तों में बदलाव हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *