मैनचेस्टर टेस्ट में हाथ मिलाने के विवाद पर वाशिंगटन सुंदर ने कह दी बड़ी बात
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट के दौरान हुए हैंडशेक विवाद पर चुप्पी तोड़ी है। यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब अंतिम दिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने रवींद्र जडेजा को ड्रॉ के संकेत के तौर पर हैंडशेक की पेशकश की थी, लेकिन जडेजा ने इसे ठुकरा दिया। उस समय जडेजा और सुंदर दोनों ही शतक के करीब थे और भारतीय टीम मुकाबले को ड्रॉ कराने की दिशा में मजबूती से बढ़ रही थी। स्टोक्स और कुछ इंग्लिश खिलाड़ियों ने इस रवैये को पसंद नहीं किया और इसके चलते मैदान पर तीखी बहस भी देखने को मिली।
इस घटनाक्रम को लेकर वॉशिंगटन सुंदर ने Wisden से बातचीत में कहा कि ऐसे वाकये खेल का हिस्सा होते हैं और जब दांव ऊंचा हो तो भावनाएं हावी हो जाती हैं। उन्होंने कहा, “ऐसी चीजें किसी भी खेल में होती हैं, सिर्फ क्रिकेट में नहीं। खेल की यही खूबसूरती है कि वह आपके अंदर छिपी भावनाओं को बाहर ले आता है। यह हमारे लिए एक अनुभव की तरह था।”
सुंदर ने यह भी माना कि इस घटना से भारतीय टीम के भीतर एक नई ऊर्जा का संचार हुआ, जिसने टीम को सीरीज ड्रॉ कराने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, “एक सौ प्रतिशत। अगर आप किसी भी खिलाड़ी से पूछेंगे, तो यही सुनने को मिलेगा। खासकर टेस्ट क्रिकेट में आप चुनौतियों की उम्मीद करते हैं। जब परिस्थितियां कठिन हो जाती हैं, तो मानसिक मजबूती ही आपको बाहर निकालती है और सफलता दिलाती है।”
इस मुकाबले में भारत की कप्तानी सबसे युवा टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने की, जिन्होंने टीम का नेतृत्व करते हुए एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2-2 की बराबरी पर खत्म कराई। गिल ने इस पांच मैचों की सीरीज में 754 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और एक दोहरा शतक शामिल रहा।
