एशिया कप 2025 के लिए भारतीय T20I टीम का ऐलान, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर बाहर, अभिषेक शर्मा को मिला मौका
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: एशिया कप 2025 T20I टूर्नामेंट के लिए भारतीय पुरुष टीम की 15 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है। लंबे समय से चल रही अटकलों को विराम देते हुए मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह टीम घोषित की। यह हाई-वोल्टेज टूर्नामेंट 9 सितंबर से यूएई में खेला जाएगा।
इस टीम में कुछ चौंकाने वाले नाम शामिल और बाहर किए गए हैं। जिन खिलाड़ियों को इस बार मौका नहीं मिला है, उनमें श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल, वॉशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे नाम प्रमुख हैं।
चयन को लेकर अजीत अगरकर ने कहा, “यशस्वी जायसवाल को बाहर करना दुर्भाग्यपूर्ण रहा, लेकिन अभिषेक शर्मा बेहतरीन फॉर्म में हैं और गेंदबाज़ी भी कर सकते हैं। दोनों में से किसी एक को ही मौका मिलना था। श्रेयस का भी कोई दोष नहीं है, लेकिन इस समय उनकी जगह नहीं बन रही है।”
टॉप ऑर्डर में शुबमन गिल, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को शामिल किया गया है, जिससे यह साफ हो गया है कि यशस्वी जायसवाल इस बार बाहर हैं। वहीं, जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर उठ रहे सवालों को भी उनकी टीम में वापसी ने खत्म कर दिया है।
गेंदबाज़ी विभाग में हरषित राणा को प्रसिद्ध कृष्णा पर तरजीह दी गई है। हालांकि पिछले एक साल में अपेक्षा से कम प्रदर्शन के बावजूद रिंकू सिंह को टीम में बरकरार रखा गया है।
मिडल ऑर्डर में शिवम दुबे और रिंकू सिंह को चयनकर्ताओं का समर्थन मिला है। अगरकर ने कहा, “गिल और संजू हमारे दो शानदार ओपनिंग विकल्प हैं, जो अभिषेक शर्मा के साथ अच्छे संयोजन में काम करेंगे। कप्तान और कोच दुबई पहुंचने के बाद फाइनल कॉल लेंगे।”
भारत की एशिया कप 2025 T20I स्क्वाड: सूर्यकुमार यादव, शुबमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हरषित राणा, रिंकू सिंह।
स्टैंडबाय खिलाड़ी: प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, यशस्वी जायसवाल, रियान पराग।
इस चयन से यह स्पष्ट है कि भारतीय चयन समिति ने फॉर्म, फिटनेस और टीम बैलेंस को प्राथमिकता दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कप्तान और कोच इस संयोजन के साथ यूएई में कैसा प्रदर्शन कर पाते हैं।
