श्रेयस अय्यर की वनडे कप्तानी की चर्चाओं के बीच बीसीसीआई ने बड़ा खुलासा किया

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने श्रेस अय्यर को वनडे कप्तान बनाए जाने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। हाल ही में एक बीसीसीआई सूत्र ने NDTV को बताया था कि रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाने की योजना बन रही है और श्रेस अय्यर इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं।
लेकिन सैकिया ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “ये तो मुझे भी पहली बार सुनने को मिल रहा है। इस तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है।”
दरअसल, अय्यर का नाम तब चर्चा में आया जब उन्हें एशिया कप 2025 की टीम में जगह नहीं दी गई।
चयन के समय बीसीसीआई के चीफ सेलेक्टर अजीत आगरकर ने सफाई देते हुए कहा था कि अय्यर को टीम में न चुनना न उनकी गलती है, न हमारी। सिर्फ 15 खिलाड़ियों को चुनना होता है और अभी उन्हें थोड़ा इंतज़ार करना होगा। अय्यर ने हाल ही में संपन्न चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत के लिए सबसे ज्यादा और कुल मिलाकर दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने पांच मैचों में 48.60 की औसत से 243 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक और 79 रन का सर्वोच्च स्कोर शामिल था।
इसके अलावा उन्होंने आईपीएल 2025 में भी धमाकेदार प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने 17 मैचों में 50.33 की औसत और 175.07 की स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए। इस सीज़न में उन्होंने छह अर्धशतक जड़े और उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 97 रहा। टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद से अब तक उन्होंने 26 टी20 मैचों में 949 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 49.94 और स्ट्राइक रेट 179.73 रहा है। इसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं और उनका बेस्ट स्कोर 130 नाबाद है।
इतने शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें एशिया कप टीम से बाहर रखा जाना फैंस और विशेषज्ञों के लिए चौंकाने वाला रहा है। हालांकि, बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि अभी वनडे कप्तानी को लेकर कोई भी निर्णय नहीं लिया गया है और इस बारे में किसी भी तरह की अटकलें निराधार हैं।
