शाह बानो केस से प्रेरित फिल्म ‘हक़’ का टीज़र रिलीज, यामी गौतम और इमरान हाशमी निभा रहे मुख्य भूमिकाएं
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: देश के सबसे चर्चित कानूनी मामलों में से एक ‘मोहम्मद अहमद खान बनाम शाह बानो बेगम केस’ पर आधारित फिल्म ‘हक़ (HAQ)’ का टीज़र मंगलवार को रिलीज़ कर दिया गया। यह फिल्म सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले से प्रेरित है, जिसने 1980 के दशक में देशभर में एक बड़ा सामाजिक और कानूनी विमर्श खड़ा किया था।
फिल्म में यामी गौतम शाह बानो की भूमिका में हैं, जबकि इमरान हाशमी उनके पति की भूमिका निभा रहे हैं। यह कहानी एक मुस्लिम महिला की है जिसे उसका पति छोड़ देता है, और वह अपने व बच्चों के अधिकारों के लिए धारा 125 के तहत न्याय की लड़ाई लड़ती है।
‘हक़’ की कहानी प्रसिद्ध पत्रकार जिग्ना वोरा की किताब ‘बानो: भारत की बेटी’ पर आधारित है। फिल्म एक व्यक्तिगत संघर्ष से शुरू होकर एक कोर्टरूम ड्रामा में तब्दील हो जाती है, जो कानून, धर्म और पहचान जैसे गहरे मुद्दों पर सवाल उठाती है।
क्या हो सबके लिए समान न्याय?
फिल्म के निर्माता बताते हैं कि ‘हक़’ केवल एक दंपति के विवाद की कहानी नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी बहस की शुरुआत है जो आज भी जारी है। वे सवाल उठाते हैं, क्या न्याय पाने का अवसर सभी के लिए समान नहीं होना चाहिए?, व्यक्तिगत आस्था और धर्मनिरपेक्ष कानून के बीच सीमा रेखा कहां खींची जाए?, क्या भारत को यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) की ओर बढ़ना चाहिए?
फिल्म में कोर्ट के दृश्यों के माध्यम से संविधान के अनुच्छेद 44 और यूनिफॉर्म सिविल कोड जैसे बड़े मुद्दों को उठाया गया है। फिल्म यह दिखाती है कि किस तरह एक महिला का निजी संघर्ष एक राष्ट्रीय बहस में बदल जाता है।
यामी गौतम और इमरान हाशमी के अलावा फिल्म में शीबा चड्ढा, दानिश हुसैन और असीम हट्टनगड़ी जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘हक़’ का निर्देशन सुपर्ण एस वर्मा ने किया है और इसे जंगली पिक्चर्स, इन्सोम्निया फिल्म्स और बवेजा स्टूडियोज़ ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 7 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है।
