गुजरात एटीएस ने आईएसआईएस की बड़ी साजिश का किया भंडाफोड़, तीन ट्रेंड आतंकवादी गिरफ्तार
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: देश की सुरक्षा एजेंसियों को आतंक के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने आईएसआईएस (ISIS) से जुड़े तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है, जो देश में बड़े आतंकी हमलों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। बताया जा रहा है कि ये तीनों आतंकी लंबे समय से एटीएस के रडार पर थे और गुप्त रूप से हथियारों की डील करने के लिए गुजरात पहुंचे थे।
सूत्रों के मुताबिक, गुजरात एटीएस को खुफिया इनपुट मिला था कि कुछ संदिग्ध लोग आतंकी गतिविधियों की योजना बना रहे हैं। इसी आधार पर एक विशेष ऑपरेशन चलाया गया और तीनों आतंकवादियों को गांधीनगर से धर दबोचा गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि तीनों आतंकवादी आईएसआईएस के लिए काम कर रहे थे और आने वाले समय में देश के कई हिस्सों में आतंकी हमलों की योजना बना रहे थे।
यूपी और हैदराबाद से आतंकी नेटवर्क जुड़ा
गिरफ्तार किए गए तीन आतंकवादियों में से दो उत्तर प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र से हैं, जबकि तीसरा हैदराबाद का रहने वाला बताया जा रहा है। सभी की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है और तीनों ने आतंकी गतिविधियों का विशेष प्रशिक्षण लिया हुआ है। एटीएस अब इनके नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और फंडिंग के स्रोतों की गहराई से जांच कर रही है।
खुफिया एजेंसियों का मानना है कि ये आतंकवादी देशभर में नवयुवकों को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने और उन्हें आतंकी संगठन में शामिल करने की कोशिश कर रहे थे। इससे पहले भी देश के विभिन्न हिस्सों, खासतौर पर झारखंड की राजधानी रांची से इसी तरह के मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया था।
गुजरात एटीएस की इस कार्रवाई के बाद पूरे देश की सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। खुफिया विभाग लगातार संदिग्धों की निगरानी कर रहा है और आईएसआईएस से जुड़े संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
एटीएस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई देश में आतंकी संगठनों के बढ़ते प्रभाव को रोकने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। पूछताछ के बाद कई और गिरफ्तारियों की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
