विश्वसनीय और समावेशी एआई नवाचार जानने केलिए डिजिटल इंडिया पवेलियनों में बढ़ी आगंतुकों की भीड़
दिलीप गुहा
नई दिल्ली: ट्रेड फेयर में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) का पैविलियन तीन प्रमुख थीम आधारित क्षेत्रों, डिजिटल इंडिया, इंडियाAI और MyGov, को एक ही मंच पर प्रस्तुत करता है। यह अनूठा संयोजन आगंतुकों को भारत की उन्नत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, सामाजिक कल्याण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका, तथा सहभागितापूर्ण एवं पारदर्शी शासन की व्यापक दृष्टि का गहन और प्रेरक अनुभव कराता है।
इसके साथ ही, डिजिटल इंडिया पैविलियन देश की डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र की उस परिवर्तनकारी यात्रा को प्रदर्शित करता है, जिसने तकनीक के माध्यम से सुरक्षित, सुलभ और समावेशी सार्वजनिक सेवाएँ सुनिश्चित की हैं। यह पैविलियन इस बात का जीवंत उदाहरण है कि कैसे भारत ने डिजिटल नवाचार को जनसामान्य के सशक्तिकरण का सशक्त साधन बनाया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री, श्री जितिन प्रसाद ने 14 नवंबर 2025 को 44वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में MeitY पैविलियन और डिजिटल इंडिया पैविलियन दोनों का उद्घाटन किया।
मेले में MeitY पैविलियन और डिजिटल इंडिया पैविलियन में विशेष रूप से युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी, जो भारत की सुरक्षित, भरोसेमंद और समावेशी AI पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इंडियाAI पैविलियन के समर्पित अनुभव क्षेत्र में इंडियाAI मिशन के सात रणनीतिक स्तंभ—AI कोश, एप्लीकेशंस, फ्यूचर स्किल्स, स्टार्टअप्स, कंप्यूट, फाउंडेशनल मॉडल्स और सुरक्षित एवं भरोसेमंद AI—का प्रदर्शन किया गया।
पैविलियन में इंडिया-AI इम्पैक्ट एक्सपो, पिच फेस्ट, ग्लोबल इम्पैक्ट चैलेंजेज और 2026 में होने वाले इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट से पहले की कई प्रमुख पहलों का भी प्रदर्शन किया गया।
IITF 2025 में MeitY पैविलियन तकनीक का उपयोग कर समावेशन, नवाचार और वैश्विक सहयोग को आगे बढ़ाने में भारत की यात्रा को दर्शाता है। आगंतुक यहाँ इमर्सिव प्रदर्शनों का अनुभव कर सकते हैं, वास्तविक उपयोग मामलों को जान सकते हैं और समझ सकते हैं कि भारत किस तरह नागरिक-केंद्रित, भविष्य-उन्मुख डिजिटल अर्थव्यवस्था का निर्माण कर रहा है।
इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले पैविलियन में इंडियाAI ज़ोन का अनावरण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल सुरक्षित, भरोसेमंद और समावेशी AI पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। “एक्शन टू इम्पैक्ट” की अवधारणा पर आधारित यह ज़ोन जिम्मेदार AI में भारत की प्रगति का गतिशील प्रदर्शन करता है और आगंतुकों को आगामी समिट की थीम्स और नवाचारों का अनुभव कराता है।
पैविलियन के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारत सरकार, इंडियाAI मिशन और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय (MeitY) के तहत “AI for ALL: Global Impact Challenge” के लिए आवेदन आधिकारिक रूप से खोल दिए गए हैं। यह फ्लैगशिप पहल विश्वभर से उच्च प्रभावशाली, समावेशी और बड़े पैमाने पर लागू होने योग्य AI नवाचारों की पहचान और प्रोत्साहन का उद्देश्य रखती है।
यह चैलेंज इंडियाAI इम्पैक्ट समिट 2026 का एक प्रमुख घटक है, जो फरवरी 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होगा। इस समिट में वैश्विक AI नेता, नवप्रवर्तनकर्ता, निवेशक, नीति-निर्माता और विचारक एकत्रित होंगे, ताकि जिम्मेदार और प्रभावशाली AI के अगले दशक की दिशा निर्धारित की जा सके।
AI for ALL: Global Impact Challenge के तहत विश्वभर से नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और उद्यमों को आमंत्रित किया गया है कि वे ऐसे AI समाधानों को प्रस्तुत करें जो वैश्विक चुनौतियों का समाधान करते हों और बड़े पैमाने पर लागू होने तथा सामाजिक प्रभाव डालने की क्षमता रखते हों।
20 तक चयनित टीमों को इंडियाAI इम्पैक्ट समिट 2026 में अपने नवाचार प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा और उन्हें 2.5 करोड़ रुपये तक के पुरस्कार मिल सकते हैं। अतिरिक्त सहायता में शामिल हैं—
- इंडियाAI के वैश्विक नेटवर्क के माध्यम से मेंटरशिप और निवेशकों तक पहुंच
- स्केलिंग के लिए कंप्यूट और क्लाउड क्रेडिट
- समिट के बाद एक्सेलेरेटर पाथवे
- नई दिल्ली में समिट में भाग लेने के लिए फाइनलिस्ट टीमों (प्रत्येक के दो सदस्यों तक) के लिए यात्रा सहायता
इंडियाAI पैविलियन भारत की समावेशन, स्थिरता और वैश्विक सहयोग पर आधारित AI-सक्षम भविष्य की दृष्टि को प्रस्तुत करता है। यह पैविलियन, 2026 में होने वाले इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट से पहले, समिट के तीन सूत्र—पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस—तथा विश्व सहयोग को दिशा देने वाले सात चक्रों को उजागर करता है। साथ ही, AI for All, AI by HER, और YUVAi जैसे ग्लोबल इम्पैक्ट चैलेंजेज, अनुसंधान संगोष्ठी, अंतरराष्ट्रीय सार-प्रस्ताव आमंत्रण, AI एक्सपो और IndiaAI Tinkerpreneur जैसी प्रतिभा विकास पहलों का भी पूर्वावलोकन किया गया।
IITF में डिजिटल इंडिया पैविलियन सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता, दक्षता और समावेशन को बढ़ावा देने में डिजिटल तकनीक की शक्ति को प्रदर्शित करता है। विविध डिजिटल पहलों को एक ही स्थान पर प्रस्तुत करते हुए यह पैविलियन सरकार की डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और डिजिटल रूप से सशक्त समाज और ज्ञान अर्थव्यवस्था के निर्माण की प्रतिबद्धता को उजागर करता है।
हॉल नंबर 6 में प्रदर्शित प्रमुख ई-गवर्नेंस पहलें जैसे—DigiLocker, UMANG, myScheme, NIXI, NIELIT, Cert-In, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM) और आधार—यह दर्शाती हैं कि डिजिटल इंडिया पहल “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की थीम के अनुरूप पारदर्शिता, समावेशन और डिजिटल सशक्तिकरण को कैसे बढ़ावा दे रही है।
प्रदर्शनी में आगंतुक अगले दो सप्ताह तक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय की योजनाओं के लाइव और इमर्सिव डेमो का अनुभव कर रहे हैं। ये प्रदर्शन डिजिटल इंडिया कार्यक्रम की प्रमुख पहलों पर आधारित हैं:
UMANG ऐप: 210 से अधिक केंद्रीय और राज्य सरकारी विभागों की सेवाओं को एक प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध कराता है। यह 23 भाषाओं में उपलब्ध है, 2132 से अधिक ई-गवर्नेंस सेवाओं को एकीकृत करता है और इसके 9.63 करोड़ से ज्यादा पंजीकृत उपयोगकर्ता हैं।
DigiLocker: एक क्लाउड-आधारित प्लेटफ़ॉर्म जो नागरिकों को आधार, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस, शैक्षणिक रिकॉर्ड और अन्य सरकारी प्रमाण-पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज़ सुरक्षित रूप से संग्रहीत करने की सुविधा देता है। इसके 2,234 जारीकर्ता, 2,944 अनुरोधकर्ता और 60.79 करोड़ पंजीकृत उपयोगकर्ता हैं।
NIELIT: डिजिटल शिक्षा को सभी के लिए सुलभ बनाने के प्रयासों को प्रदर्शित करता है। डिजिटल यूनिवर्सिटी प्लेटफ़ॉर्म 20 से अधिक क्षेत्रों में कोर्स उपलब्ध कराता है, साथ ही AI-संचालित NIELIT मित्रा और इंटरव्यू सिमुलेटर्स भी प्रस्तुत करता है। वर्चुअल लैब्स IoT, क्लाउड कंप्यूटिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में अनुभवात्मक सीख प्रदान करती हैं।
NIXI: सुरक्षित और भविष्य-उन्मुख डिजिटल पहचान को बढ़ावा देने के लिए .5G.in, .biz.in, .ai.in, .io.in, .ca.in, .dr.in, .er.in, .travel.in और .me.in जैसे तीसरे स्तर के डोमेन नाम प्रदर्शित करता है।
CERT-In: भारत के साइबरस्पेस को सुरक्षित करने के लिए साइबर-संवेदनशील नागरिकों और साइबर-रेज़िलिएंट उद्यमों के निर्माण की पहलों को प्रदर्शित करता है।
इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM): सेमीकंडक्टर फैब, डिस्प्ले फैब और कंपाउंड सेमीकंडक्टर/ATMP योजनाओं के तहत चल रही परियोजनाओं और स्टार्टअप्स को प्रदर्शित करता है। डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव (DLI) योजना के तहत 24 चिप डिजाइन परियोजनाओं, 87 स्टार्टअप्स और 290 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों को समर्थन प्रदान किया गया है।
myScheme: एक वन-स्टॉप सरकारी स्कीम प्लेटफ़ॉर्म है, जो 4,000 से अधिक केंद्र और राज्य/केंद्रशासित प्रदेश सरकारों की योजनाओं को होस्ट करता है। यह प्लेटफ़ॉर्म नागरिकों को व्यक्तिगत स्कीम खोज, पात्रता निर्धारण और योजना जानकारी तक आसान पहुंच प्रदान करता है।
Aadhaar: नए आधार ऐप को प्रदर्शित करता है, जिसमें सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल अनुभव के लिए चयनात्मक सूचना साझा करना, फेस वेरिफिकेशन और ऑफलाइन वेरिफिकेशन के लिए QR कोड जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
कुल मिलाकर, डिजिटल इंडिया पैविलियन IITF 2025 में MeitY की प्रमुख पहलों के लाइव और इमर्सिव डेमो प्रस्तुत करता है और ई-गवर्नेंस नवाचारों के माध्यम से पारदर्शिता, समावेशन और डिजिटल सशक्तिकरण को उजागर करता है।
