राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पनडुब्बी आईएनएस वाघशीर में किया समुद्री भ्रमण, नौसेना की युद्ध तत्परता की सराहना

President Droupadi Murmu undertook a sea sortie on board the submarine INS Vaghsir and appreciated the operational readiness of the Navyचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारत की राष्ट्रपति एवं सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने पश्चिमी तट पर स्वदेशी पनडुब्बी आईएनएस वाघशीर में यात्रा कर भारतीय नौसेना की परिचालन क्षमता और तैयारियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी भी उनके साथ मौजूद रहे। राष्ट्रपति ने 28 दिसंबर 2025 को कर्नाटक के कारवार नौसेना बंदरगाह से पनडुब्बी में सवार होकर दो घंटे से अधिक समय तक समुद्री भ्रमण किया।

इस दौरान राष्ट्रपति ने पनडुब्बी के चालक दल से संवाद किया और विभिन्न परिचालन गतिविधियों को नज़दीक से देखा। यह यात्रा स्वदेशी कालवरी श्रेणी की पनडुब्बी पर किसी राष्ट्रपति की पहली यात्रा रही। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के बाद पनडुब्बी में यात्रा करने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति बनीं।

यह ऐतिहासिक यात्रा सैन्य परिचालन परिस्थितियों में सशस्त्र बलों के साथ सर्वोच्च कमांडर की निरंतर सहभागिता और समर्थन को रेखांकित करती है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले नवंबर 2024 में राष्ट्रपति ने स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर भारतीय नौसेना के एक परिचालन प्रदर्शन का भी अवलोकन किया था।

यात्रा के बाद आगंतुक पुस्तिका में अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति ने लिखा, “आईएनएस वाघशीर पर हमारे नाविकों और अधिकारियों के साथ नौकायन, गोताखोरी और समय बिताना मेरे लिए वास्तव में एक बहुत ही खास अनुभव था। आईएनएस वाघशीर द्वारा किए गए कई सफल परीक्षण और चुनौतीपूर्ण अभियान चालक दल की असाधारण तत्परता और समर्पण को दर्शाते हैं, जो इसके आदर्श वाक्य ‘वीरता वर्चस्व विजय’ के अनुरूप है। वाघशीर के चालक दल के अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्साह को देखकर मुझे यह विश्वास हो गया है कि हमारी पनडुब्बियां और भारतीय नौसेना किसी भी खतरे और हर परिस्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”

राष्ट्रपति की इस यात्रा को भारतीय नौसेना के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है और यह देश की बढ़ती स्वदेशी रक्षा क्षमताओं का भी सशक्त प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *