नए साल पर संदीप रेड्डी वांगा का सरप्राइज़, ‘स्पिरिट’ का पहला पोस्टर रिलीज़
चिरौरी न्यूज
मुंबई:। नए साल पर अपनी परंपरा को बरकरार रखते हुए फिल्मकार संदीप रेड्डी वांगा ने 1 जनवरी की आधी रात अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ का पहला पोस्टर रिलीज़ कर दिया। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज़ हो गई है।
पोस्टर में प्रभास घायल हालत में खिड़की के पास खड़े नज़र आ रहे हैं, जबकि तृप्ति डिमरी उनके पास सिगरेट जलाती दिखती हैं। एक अन्य लुक में प्रभास बिना शर्ट के, ऑफ-व्हाइट पैंट और डार्क ग्लासेस में हाथ में शराब की बोतल पकड़े दिखाई देते हैं। वहीं तृप्ति ने हल्के बेज रंग का आउटफिट पहना है और हाथ में सुनहरी चूड़ी नज़र आती है।
फिल्म का पहला लुक शेयर करते हुए संदीप रेड्डी वांगा ने सोशल मीडिया पर लिखा, “INDIAN CINEMA… witness your AJANUBAHUDU / AJANUBAHU. Happy New Year 2026।”
गौरतलब है कि ‘स्पिरिट’ संदीप रेड्डी वांगा और प्रभास की पहली प्रोफेशनल फिल्म है। वहीं तृप्ति डिमरी के साथ वांगा पहले ‘एनिमल’ में काम कर चुके हैं, जिसमें रणबीर कपूर, अनिल कपूर और रश्मिका मंदाना भी अहम भूमिकाओं में थे।
‘स्पिरिट’ की शूटिंग नवंबर 2025 में शुरू हुई थी। फिल्म के मुहूर्त समारोह में मेगास्टार चिरंजीवी विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। इस मौके की तस्वीरें साझा करते हुए प्रोडक्शन हाउस भद्रकाली पिक्चर्स ने लिखा कि भारत के सबसे बड़े सुपरस्टार प्रभास की फिल्म ‘स्पिरिट’ का शुभारंभ मेगास्टार चिरंजीवी की मौजूदगी में हुआ।
चिरंजीवी के इस gesture से भावुक होकर संदीप रेड्डी वांगा ने भी सोशल मीडिया पर उनका आभार जताया और इसे यादगार बताया।
प्रभास के जन्मदिन, 23 अक्टूबर को मेकर्स ने फिल्म का एक प्रमोशनल टीज़र ‘साउंड स्टोरी’ भी रिलीज़ किया था, जिसमें प्रकाश राज और प्रभास की आवाज़ के ज़रिये फिल्म की दुनिया की झलक दिखाई गई थी।
प्रभास और तृप्ति डिमरी के अलावा ‘स्पिरिट’ में प्रकाश राज, विवेक ओबेरॉय और कंचना भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे।
