आर्सेनल के कप में चाय पीने को लेकर विवाद में घिरे टॉटेनहम कोच थॉमस फ्रैंक
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बुधवार रात बॉर्नमाउथ के खिलाफ प्रीमियर लीग मुकाबले से पहले ही टॉटेनहम हॉटस्पर के मुख्य कोच थॉमस फ्रैंक अनचाहे विवादों में घिर गए। मैच शुरू होने से पहले उन्हें एक ऐसे कप से पीते हुए देखा गया, जिस पर कट्टर प्रतिद्वंद्वी आर्सेनल का लोगो लगा हुआ था। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और फ्रैंक को जमकर ट्रोल किया गया।
टॉटेनहम और आर्सेनल के बीच गहरी प्रतिद्वंद्विता को देखते हुए यह मामला और भी संवेदनशील बन गया, खासकर ऐसे समय में जब स्पर्स का प्रदर्शन पहले ही सवालों के घेरे में है और फ्रैंक पर समर्थकों का दबाव बढ़ रहा है।
मैच के बाद इस घटना पर सफाई देते हुए थॉमस फ्रैंक ने किसी भी तरह की जानबूझकर की गई हरकत से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें कप पर आर्सेनल का लोगो दिखाई ही नहीं दिया और अगर उन्हें पता होता तो ऐसा करना “बिल्कुल बेवकूफी” होती।
फ्रैंक ने कहा, “मुझे बिल्कुल भी ध्यान नहीं था। अगर मुझे पता होता तो मैं कभी ऐसा नहीं करता। यह पूरी तरह से बेवकूफी होती। फुटबॉल में यह थोड़ा दुखद है कि मुझसे इस बारे में सवाल पूछा जा रहा है। मैं कभी भी इतनी मूर्खतापूर्ण हरकत नहीं करूंगा।”
उन्होंने आगे जोड़ा, “अगर हमें इस बात की चिंता करनी पड़े कि मेरे हाथ में किसी दूसरे क्लब का लोगो वाला कप है, तो फिर हम निश्चित रूप से गलत दिशा में जा रहे हैं।”
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कप आर्सेनल की हालिया बॉर्नमाउथ यात्रा के दौरान वहीं छूट गया था, जहां उन्होंने कुछ दिन पहले ही मैच खेला था। फ्रैंक या उनके स्टाफ को इस बात का एहसास तब तक नहीं हुआ, जब तक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल नहीं हो गई। डेनमार्क के इस कोच ने इस पूरे मामले के चर्चा का विषय बनने पर नाराज़गी भी जताई और कहा कि फुटबॉल गलत चीज़ों पर ध्यान दे रहा है।
मैदान पर भी यह रात फ्रैंक के लिए और खराब साबित हुई। टॉटेनहम को बॉर्नमाउथ के खिलाफ 3-2 से हार का सामना करना पड़ा। स्टॉपेज टाइम में एंटोनी सेमेन्यो के गोल ने स्पर्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इससे पहले टॉटेनहम ने मैथिस टेल और फिर जोआओ पाल्हिन्हा के गोल से दो बार बढ़त बनाई थी, लेकिन टीम एक बार फिर मैच को संभालने में नाकाम रही।
इस हार के बाद टॉटेनहम प्रीमियर लीग तालिका में 14वें स्थान पर खिसक गया है। पिछले पांच मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ, गर्मियों में एंजे पोस्टेकोग्लू की जगह नियुक्त किए गए थॉमस फ्रैंक पर अब दबाव साफ तौर पर बढ़ता नजर आ रहा है।
