ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 पर नज़र, रिटायरमेंट की अटकलों को नोवाक जोकोविच ने किया खारिज
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने अपने रिटायरमेंट को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि वह अभी भी शीर्ष स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में उनके जीतने की पूरी संभावना है। 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके जोकोविच के पास मार्गरेट कोर्ट को पीछे छोड़ते हुए ऑल-टाइम रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका है, जिसके लिए उन्हें सिर्फ एक और ग्रैंड स्लैम जीतने की जरूरत है।
जोकोविच ने आखिरी बार ग्रैंड स्लैम खिताब यूएस ओपन 2023 में जीता था। इसके बाद बड़े टूर्नामेंट्स में उनका प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। 2025 में वह चारों ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल तक पहुंचे, लेकिन यानिक सिनर और कार्लोस अल्काराज़ उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती बने रहे।
पिछले दो वर्षों में चोटों से जूझ रहे 38 वर्षीय जोकोविच को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025 के सेमीफाइनल में अलेक्जेंडर ज़्वेरेव के खिलाफ मैच के दौरान रिटायर होना पड़ा था। इसके बावजूद, मौजूदा विश्व नंबर 4 खिलाड़ी का कहना है कि टेनिस अभी भी उनके लिए एक “एड्रेनालाईन रश” की तरह है।
जोकोविच ने साफ किया कि फिलहाल उनका कोई फेयरवेल या रिटायरमेंट टूर प्लान नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं अभी भी दुनिया के सबसे ऊंचे स्तर पर मुकाबला कर रहा हूं। जब तक मेरे अंदर जीतने की भूख और आत्मविश्वास है, तब तक रिटायरमेंट की बात करने का कोई मतलब नहीं है।”
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि मौजूदा समय में सिनर और अल्काराज़ बाकी खिलाड़ियों से बेहतर फॉर्म में हैं, लेकिन उनका मानना है कि फिट रहने पर वह किसी को भी हरा सकते हैं।
“जब मैं पूरी तरह स्वस्थ होता हूं और सब कुछ सही होता है, तो मुझे भरोसा है कि मैं किसी भी खिलाड़ी को हरा सकता हूं,” जोकोविच ने कहा।
ऑस्ट्रेलियन ओपन में जोकोविच अपने अभियान की शुरुआत सोमवार, 19 जनवरी को स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज के खिलाफ करेंगे। सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि क्या सर्बियाई सुपरस्टार इतिहास रचते हुए अपना 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीत पाते हैं या नहीं।
