77वें गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के संकल्प को बताया सशक्त आधार
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: देश आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि यह राष्ट्रीय पर्व नागरिकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा तथा विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत बनाएगा।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “गणतंत्र दिवस की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भारत के गौरव और गरिमा का प्रतीक यह राष्ट्रीय पर्व आप सभी में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे। विकसित भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाए।”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, “गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं। यह अवसर विकसित भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प में नई ऊर्जा और उत्साह जोड़े।”
गणतंत्र दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने एक अलग संदेश में कहा, “गणतंत्र दिवस हमारी स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक है। यह पर्व राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ने की नई प्रेरणा और ऊर्जा देता है।”
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा, “मेरे सम्मानित नागरिकों, हमारा संविधान हमें स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व जैसे अमूल्य उपहार प्रदान करता है। ये संवैधानिक मूल्य लोकतंत्र की आत्मा हैं।”
मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा, “इस गणतंत्र दिवस पर मैं विशेष रूप से प्रदेश के युवाओं से संविधान के आदर्शों को अपनाने और नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह करता हूं। आइए, हम संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प लें।” उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस हर वर्ष 26 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1950 में भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से लागू किया गया था, जिससे भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। यह दिन संविधान में निहित न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों को सुदृढ़ करता है।
गणतंत्र दिवस परेड में इस वर्ष राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों की कुल 30 झांकियां शामिल होंगी, जो भारत की सांस्कृतिक विविधता, समृद्ध विरासत और विकास यात्रा को प्रदर्शित करेंगी। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भारतीय सेना द्वारा विशेष “बैटल ऐरे” प्रस्तुति भी दी जाएगी।
