ऑस्ट्रेलियन ओपन में अल्कराज़ का कमाल, जोकोविच को हराकर सबसे कम उम्र में पूरा किया करियर ग्रैंड स्लैम

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: कार्लोस अल्कराज़ ने 1 फरवरी को खेले गए ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के फाइनल में इतिहास रच दिया। अल्कराज़ ने नोवाक जोकोविच को 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से हराकर खिताब अपने नाम किया और इसके साथ ही करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले इतिहास के सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी बन गए।
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी अल्कराज़ ने मेलबर्न पार्क के फाइनल में जोकोविच के अब तक के अजेय रिकॉर्ड को भी समाप्त कर दिया। जोकोविच ने इससे पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में कभी हार नहीं झेली थी और वे रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के इरादे से उतरे थे।
मैच की शुरुआत में सर्बियाई दिग्गज जोकोविच ने आक्रामक खेल दिखाते हुए पहला सेट अपने नाम किया, लेकिन इसके बाद 22 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी ने जबरदस्त वापसी की। अल्कराज़ ने अपनी शानदार डिफेंस, तेज कोर्ट कवरेज और लगातार दबाव बनाकर मैच का रुख बदल दिया।
अल्कराज़ की रिट्रीवल स्किल्स ने कई बार जोकोविच के लगभग तय विनर्स को लंबी रैलियों में बदल दिया। मैच का अंतिम पॉइंट जीतते ही अल्कराज़ भावुक हो गए, रैकेट छोड़कर जमीन पर गिर पड़े और कुछ पल तक अविश्वास में पड़े रहे। इसके बाद उन्होंने जोकोविच से नेट पर मुलाकात की।
हार के बावजूद जोकोविच ने मुस्कुराते हुए अल्कराज़ को बधाई दी और शानदार खेल भावना का परिचय दिया। अल्कराज़ इसके बाद अपने कोचिंग स्टाफ के पास दौड़े और स्टैंड्स में मौजूद अपने पिता व टीम के साथ जश्न मनाया।
दोनों खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में पांच सेट के कठिन मुकाबले खेले थे, इसके बावजूद फाइनल मुकाबला बेहद शारीरिक और तीव्र रहा, जो तीन घंटे से थोड़ा अधिक समय तक चला। अल्कराज़ ने 16 में से 5 ब्रेक पॉइंट का फायदा उठाया, जबकि जोकोविच 6 में से सिर्फ 2 ब्रेक पॉइंट ही भुना सके।
गौरतलब है कि जोकोविच का 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब का सपना पिछले नौ ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में या तो अल्कराज़ या जैनिक सिनर ने तोड़ा है। इस बार सेमीफाइनल में सिनर को हराने के बाद जोकोविच सबसे उम्रदराज ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन बनने की उम्मीद कर रहे थे।
22 साल और 272 दिन की उम्र में अल्कराज़ ने डॉन बज़ को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 1938 फ्रेंच चैंपियनशिप में 22 साल और 363 दिन की उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था।
