आईसीसी को भारत के मैच बहिष्कार के लिए पाकिस्तान पर सख्त प्रतिबंध लगाने चाहिए: सुनील गावस्कर
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पाकिस्तान सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की अनुमति दे दी है, लेकिन टीम भारत के खिलाफ अपना मुकाबला नहीं खेलेगी। पाकिस्तान और भारत के बीच यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना था। इस फैसले की घोषणा पाकिस्तान ने रविवार को की।
यह फैसला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा बांग्लादेश से जुड़े विवाद पर दिए गए फैसले के बाद आया है। बांग्लादेश ने भारतीय प्रीमियर लीग (IPL) से मुस्तफिजुर रहमान के बाहर होने के बाद अपनी टी20 वर्ल्ड कप के मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के इस रुख का समर्थन किया था, लेकिन ICC ने इस अनुरोध को खारिज कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाकर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।
ICC के फैसले के एक हफ्ते बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि ICC को पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा कदम उठाना चाहिए ताकि भविष्य में कोई और टीम ऐसा करने की हिम्मत न करे।
गावस्कर ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा, “अगर कोई टीम आखिरी समय में, टूर्नामेंट की पूर्व संध्या पर मैच से हटती है तो यह एक गंभीर मुद्दा है। ऐसे में ICC को जरूर हस्तक्षेप करना चाहिए और कोई न कोई कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई टीम ऐसा करने के बारे में न सोचे।”
उन्होंने यह भी कहा कि ICC पाकिस्तान के इस फैसले पर कानूनी कार्रवाई कर सकता है, हालांकि उसका परिणाम क्या होगा, यह कहना मुश्किल है।
“ICC शायद पाकिस्तान के खिलाफ कानूनी कदम उठाएगा। इस फैसले से ICC निश्चित रूप से काफी नाराज़ होगा,” गावस्कर ने कहा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है, जहां भारत के अलावा नामीबिया, अमेरिका और नीदरलैंड्स भी शामिल हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि पाकिस्तान सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब उसी दिन पाकिस्तान की अंडर-19 टीम भारत के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर सिक्स मुकाबले में खेल रही थी। बुलावायो में खेले गए इस अहम मैच में भारत U19 ने पाकिस्तान U19 को 58 रनों से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और सेमीफाइनल में अफगानिस्तान U19 के खिलाफ मुकाबला तय किया।
