T20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान का भारत के खिलाफ न खेलने का फैसला बरकरार: प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तान की सीनियर पुरुष राष्ट्रीय क्रिकेट टीम आगामी आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज का मुकाबला नहीं खेलेगी। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित किया जाना है।
इस्लामाबाद में संघीय कैबिनेट को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर एक “स्पष्ट और ठोस रुख” अपना चुकी है। उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान ने भारत के साथ मैच न खेलने का फैसला सोच-समझकर लिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर एक साफ रुख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे। खेल में राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन हमने सभी पहलुओं पर ध्यान से विचार करने के बाद यह फैसला लिया है। यह एक सही निर्णय है।”
कार्यक्रम के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। ग्रुप मुकाबले के बाद दोनों टीमें टूर्नामेंट के फाइनल में भी आमने-सामने हो सकती हैं। हालांकि, यह अब तक स्पष्ट नहीं किया गया है कि यदि खिताबी मुकाबले में भारत से सामना होता है तो पाकिस्तान का रुख क्या होगा।
इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पहले ही चिंता जताई थी। आईसीसी ने एक बयान में कहा था कि किसी वैश्विक टूर्नामेंट में चुनिंदा मैच खेलने या न खेलने का फैसला निष्पक्षता, ईमानदारी और प्रतिस्पर्धात्मक संतुलन के सिद्धांतों के खिलाफ है।
भारत के खिलाफ न खेलने के पीछे की वजह
पाकिस्तान का यह रुख उस विवाद के बाद सामने आया, जब आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का फैसला किया।
बताया गया है कि बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आईसीसी से अपने मैचों के वेन्यू को कोलकाता और मुंबई से बदलकर श्रीलंका करने का अनुरोध किया था। यह घटनाक्रम उस समय सामने आया, जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को कथित दबाव के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया।
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी के फैसले को “अनुचित” करार दिया था। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि पाकिस्तान की टूर्नामेंट में भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला सरकार के निर्देशों के अनुसार ही लिया जाएगा।
अब प्रधानमंत्री के ताज़ा बयान के बाद यह साफ हो गया है कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर अनिश्चितता बरकरार रहेगी और आईसीसी के सामने इस संवेदनशील मुद्दे पर संतुलन साधने की चुनौती और बढ़ गई है।
