आईसीसी के नियम बने दीवार, 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को करना होगा टीम इंडिया के लिए इंतज़ार
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच पर धूल अभी पूरी तरह बैठी भी नहीं है, लेकिन अंडर-19 विश्व कप फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी की गूंज पूरी क्रिकेट दुनिया में सुनाई दे रही है। इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रन, वो भी 15 छक्कों के साथ, सिर्फ एक पारी नहीं थी, बल्कि रिकॉर्ड बुक पर किया गया खुला हमला था। बिहार के इस 14 वर्षीय बल्लेबाज़ ने साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक नंबर है।
लेकिन सवाल वही है जो हर फैन पूछ रहा है—अगर वैभव इंग्लैंड के सर्वश्रेष्ठ युवा गेंदबाज़ों को ध्वस्त कर सकते हैं और आईपीएल में शतक जड़ सकते हैं, तो वे अभी तक सीनियर भारतीय टीम में क्यों नहीं हैं? इसका जवाब किसी चयनकर्ता के पास नहीं, बल्कि आईसीसी के नियमों में छिपा है।
आईसीसी का नियम: सबसे बड़ी बाधा
वैभव सूर्यवंशी के टीम इंडिया में डेब्यू की राह में सबसे बड़ा रोड़ा है आईसीसी का मिनिमम ऐज पॉलिसी। वर्ष 2020 में लागू किए गए इस नियम के अनुसार, किसी भी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए कम से कम 15 वर्ष का होना अनिवार्य है।
वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ था। फरवरी 2026 में भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने के बावजूद, वे तकनीकी रूप से अभी भी 14 साल के हैं। ऐसे में भारतीय चयनकर्ताओं के हाथ बंधे हुए हैं।
चाहे वे बिहार के लिए 36 गेंदों में शतक लगाएं या राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल गेंदबाज़ों की धज्जियां उड़ाएं, 27 मार्च 2026 से पहले उन्हें सीनियर इंडिया कैप नहीं मिल सकती।
अंडर-19 करियर भी खत्म
दिलचस्प बात यह है कि वैभव अब भारत की अंडर-19 टीम के लिए भी दोबारा नहीं खेल पाएंगे। बीसीसीआई के “वन टूर्नामेंट पॉलिसी” के तहत कोई भी खिलाड़ी अंडर-19 विश्व कप सिर्फ एक बार ही खेल सकता है।
2026 संस्करण में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहने के बावजूद, वैभव 2028 या 2030 अंडर-19 विश्व कप में हिस्सा नहीं ले सकेंगे—जबकि उम्र के लिहाज़ से वे तब भी पात्र होते।
वैभव सूर्यवंशी: एक चलता-फिरता रिकॉर्ड
पिछले 12 महीनों में वैभव सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है:
- अंडर-19 विश्व कप फाइनल में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर: इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन
- 2026 विश्व कप में सबसे ज्यादा छक्के: कुल 30 छक्के
- लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी
- विजय हजारे ट्रॉफी में 59 गेंदों में 150 रन, एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड ध्वस्त
- आईपीएल इतिहास के सबसे युवा शतकवीर (14 साल 32 दिन)
- इंडिया ए के लिए टी20 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी
- यूथ वनडे में सबसे तेज शतक
- यूथ टेस्ट में भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक
- सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे युवा शतकवीर
- यूथ वनडे में 100 करियर छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज़
फिलहाल “सूर्यवंशी तूफान” घरेलू और फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट तक सीमित है। लेकिन उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। भारत का 2026 के उत्तरार्ध में व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर है और जैसे ही 27 मार्च 2026 को वैभव 15 साल के होंगे नीली जर्सी पर उनका नाम छपना तय माना जा रहा है।
