U19 वर्ल्ड कप जीतने पर भारत को बड़ी सौगात, BCCI ने घोषित किया 7.5 करोड़ का इनाम
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारत के अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब जीतने के जश्न के बीच, BCCI ने चैंपियन टीम के लिए 7.5 करोड़ रुपये के कैश इनाम की घोषणा की है। यह इनाम 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड पर 100 रनों की शानदार जीत के बाद घोषित किया गया। पूरे टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन अजेय रहा, जिसने इस ऐतिहासिक जीत को और खास बना दिया।
बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) ने शुक्रवार को कप्तान आयुष म्हात्रे की अगुआई वाली टीम की जीत के तुरंत बाद इनाम की पुष्टि की। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने युवा खिलाड़ियों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि टीम ने बड़े मंच पर दबाव में बेहतरीन खेल दिखाया।
भारत की खिताबी जीत के बाद सैकिया ने कहा, “पूरा देश और BCCI हमारी अंडर-19 टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर गर्व महसूस कर रहा है। जिस तरह से टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को हराया और पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए प्रदर्शन किया, वह काबिले-तारीफ है। इसी उपलब्धि के सम्मान में BCCI टीम को 7.5 करोड़ रुपये का कैश इनाम देगा।”
फाइनल मुकाबले में भारत की जीत की नींव वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाज़ी ने रखी। कप्तान आयुष म्हात्रे की सधी हुई कप्तानी में भारत ने 9 विकेट पर विशाल 411 रन बनाए, जिससे इंग्लैंड पर रिकॉर्ड लक्ष्य का दबाव शुरू से ही बना रहा।
सूर्यवंशी ने खिताबी मुकाबले में अपना नाम इतिहास में दर्ज करा लिया। उन्होंने 175 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने मात्र 55 गेंदों में शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। इससे पहले उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने और आक्रामक रुख अपनाया और अगली 50 रन महज़ 23 गेंदों में पूरे किए, जबकि इंग्लैंड के गेंदबाज़ बेबस नज़र आए।
412 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड कभी लय में नहीं आ सका। केलब फाल्कनर के संघर्षपूर्ण शतक के बावजूद, भारतीय गेंदबाज़ों ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाए और इंग्लैंड को कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं बनाने दी। नतीजतन इंग्लैंड की पूरी टीम 311 रन पर ऑल आउट हो गई और भारत ने 100 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
