डेल स्टेन ने नेपाल को कोचिंग देने की पेशकश की, भावुक हुए नंदन यादव
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ डेल स्टेन ने नेपाल क्रिकेट को लेकर बड़ा बयान दिया है। टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेले गए रोमांचक मुकाबले के बाद स्टेन ने नेपाल की जुझारू प्रदर्शन की जमकर तारीफ की और जरूरत पड़ने पर कोचिंग देने की पेशकश भी की।
इंग्लैंड के खिलाफ 185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल आखिरी गेंद तक मुकाबले में बना रहा, लेकिन जीत के लिए जरूरी 6 रन नहीं बना सका और इंग्लैंड ने चार रन से मुकाबला जीत लिया। 2022 की चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ नेपाल के निडर खेल से प्रभावित होकर डेल स्टेन ने सोशल मीडिया पर लिखा, “नेपाल, अगर कभी मेरी जरूरत पड़े तो मैं अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हूं। आगे बढ़ते रहो!”
नंदन यादव बोले—यह नेपाल क्रिकेट के लिए गर्व का पल
नेपाल के तेज़ गेंदबाज़ नंदन यादव ने डेल स्टेन की इस प्रतिक्रिया को नेपाल क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक बताया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में नंदन ने कहा, “यह हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। जिस खिलाड़ी ने करीब 10 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर राज किया, वह हमारे बारे में ट्वीट कर रहा है।”
हालांकि, नंदन ने यह भी स्पष्ट किया कि स्टेन के नेपाल को कोच करने का फैसला टीम प्रबंधन पर निर्भर करेगा। “यह मैनेजमेंट का फैसला होगा। हम सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं या नहीं, यह कहना मुश्किल है,” उन्होंने जोड़ा।
इंग्लैंड के खिलाफ नंदन यादव का शानदार प्रदर्शन
मैच में नंदन यादव ने गेंद से प्रभावित किया और 3 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट झटके। उन्होंने पहले इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को आउट किया और फिर हैरी ब्रूक का विकेट लिया। नंदन की कसी हुई गेंदबाज़ी की बदौलत नेपाल ने इंग्लैंड को 184/7 पर रोक दिया, जबकि इंग्लैंड 200 से ज्यादा रन बनाने की स्थिति में दिख रहा था।
जीत के बेहद करीब पहुंचा नेपाल
लक्ष्य का पीछा करते हुए कुशल भुर्तेल ने नेपाल को तेज़ शुरुआत दिलाई। इसके बाद राहुल पौडेल और दीपेंद्र सिंह ऐरी की संयमित साझेदारी ने नेपाल की उम्मीदें ज़िंदा रखीं। अंतिम ओवर में जब 10 रन चाहिए थे, वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद दर्शक नेपाल की ऐतिहासिक जीत का सपना देखने लगे।
हालांकि, इंग्लैंड के सैम करन ने आखिरी ओवर में धैर्य बनाए रखा और इंग्लैंड ने रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल कर ली, जिससे नेपाल की ऐतिहासिक जीत का सपना टूट गया।
