विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच लोकसभा दोपहर तक के लिए स्थगित

Amidst slogans from opposition MPs, the Lok Sabha was adjourned until noon.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही में कोई विधायी कामकाज नहीं हो सका। विपक्ष के जोरदार हंगामे और भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार ढांचे पर चर्चा की मांग के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया। सप्ताह के पहले दिन सदन शुरू होने के करीब सात मिनट बाद ही कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

इसी बीच, सूत्रों के मुताबिक विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की योजना बना रहा है।

प्रश्नकाल शुरू होने से पहले लोकसभा अध्यक्ष ने भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम को विश्व कप में ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी।
ओम बिरला ने कहा, “भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को विश्व कप फाइनल में हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। पूरा सदन टीम को बधाई देता है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है।”

हालांकि, जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ, विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी जारी रखी और अपने मुद्दों पर चर्चा की मांग करने लगे। लोकसभा अध्यक्ष ने सदस्यों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सदन में किसी भी सांसद को बोलने से रोका नहीं जाएगा।

विपक्षी सांसदों की आलोचना करते हुए ओम बिरला ने कहा, “क्या आप सदन स्थगित करना चाहते हैं? क्या आप काम नहीं करना चाहते? यह सदन बहस और चर्चा के लिए है। मुद्दों पर बात करें, सभी को बोलने का अवसर मिलेगा, किसी को रोका नहीं जाएगा।”

इसके बावजूद हंगामा जारी रहने पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, “सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित की जाती है।”

सोमवार को संसद के दोनों सदनों में केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा प्रस्तावित थी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यह बजट 1 फरवरी को पेश किया था। यह उनका लगातार नौवां बजट है।

बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने कहा था कि यह बजट ‘युवाशक्ति’ से प्रेरित है और ‘तीन कर्तव्यों’ पर आधारित है। बजट में सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और अगले पांच वर्षों में 20 राष्ट्रीय जलमार्गों को परिचालन में लाने का प्रस्ताव रखा गया है।

इससे पहले आज INDIA गठबंधन के दलों ने फैसला किया था कि वे लोकसभा और राज्यसभा दोनों में बजट चर्चा में हिस्सा लेंगे। यह निर्णय विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक में लिया गया, जो संसद परिसर में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में हुई। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे।

INDIA गठबंधन द्वारा बजट से जुड़े अहम मुद्दों को दोनों सदनों में उठाए जाने की संभावना है। गौरतलब है कि बजट सत्र के दौरान बीते कुछ दिनों से विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर लगातार हंगामा कर रहा है। संसद पहुंचने से पहले कार्यवाही को लेकर पूछे गए सवाल पर मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “किसने कहा कि आज सदन नहीं चलेगा?”

इससे पहले शुक्रवार को भी बजट 2026-27 पर सामान्य चर्चा शुरू होते ही विपक्ष के भारी विरोध के चलते लोकसभा की कार्यवाही बाधित हुई थी, जिसके बाद सदन को सोमवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *