भारत के साथ मैच खेलों नहीं तो सजा भुगतो: पीसीबी की मांग पर आईसीसी सख्त
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-स्टेज मुकाबले के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के बीच चल रहा ड्रामा अब अपने अंतिम चरण में पहुंचता दिख रहा है। PCB, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और ICC के बीच हुई अहम बैठक में इस बहुचर्चित गतिरोध को खत्म करने की कोशिश की गई।
सूत्रों के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान मैच को न खेलने से होने वाला संभावित नुकसान 4,000 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है। बैठक में PCB ने ICC के सामने कई मांगें रखीं, लेकिन जय शाह के नेतृत्व वाली ICC ने इनमें से कुछ प्रमुख प्रस्तावों को खारिज कर दिया। यह जानकारी चिरौरी न्यूज़ ने सूत्रों के हवाले से दी है।
PCB की मांगें और ICC का जवाब:
मांग 1: बांग्लादेश पर कोई वित्तीय जुर्माना न लगाया जाए
PCB का कहना था कि टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेने के बावजूद बांग्लादेश को उसका पूरा ICC राजस्व हिस्सा मिलना चाहिए।
ICC का जवाब: ICC ने स्पष्ट किया कि यह फैसला पहले ही लिया जा चुका है और BCB पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।
मांग 2: बांग्लादेश को अतिरिक्त ICC टूर्नामेंट दिया जाए
PCB ने अगले चक्र में बांग्लादेश को एक अतिरिक्त ICC इवेंट देने की मांग की।
ICC का जवाब: अगले चक्र में अंडर-19 वर्ल्ड कप की मेजबानी पर विचार किया जा रहा है।
मांग 3: भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज़
PCB ने ICC से भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज़ कराने में हस्तक्षेप की मांग की।
ICC का जवाब: ICC ने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताते हुए मांग खारिज कर दी, जिसमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र भी शामिल है।
मांग 4: भारत-पाक-बांग्लादेश त्रिकोणीय सीरीज़
PCB ने तीनों देशों के बीच त्रिकोणीय सीरीज़ का प्रस्ताव रखा।
ICC का जवाब: ICC ने यह प्रस्ताव भी अधिकार क्षेत्र के बाहर बताते हुए अस्वीकार कर दिया।
मांग 5: 2026 में भारत का बांग्लादेश दौरा
PCB ने ICC से भारत के बांग्लादेश दौरे को सुनिश्चित कराने की मांग की।
ICC का जवाब: ICC ने दोहराया कि ऐसे दौरे पूरी तरह द्विपक्षीय सहमति से तय होते हैं और उसने हस्तक्षेप से इनकार कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, PCB चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से सलाह लेने के लिए समय मांगा है। ICC ने PCB को 24 घंटे का समय दिया है। जल्द ही एक और बैठक होने की संभावना है और अगले 24 घंटों में ICC की ओर से आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
