रोहित शर्मा ने संन्यास की अटकलों को किया खारिज, 2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतना बताया सबसे बड़ा सपना

Rohit Sharma dismisses retirement speculation, says winning the 2027 ODI World Cup is his biggest dream
(Pic credit: BCCI)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट से जल्द संन्यास लेने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाला आईसीसी वनडे विश्व कप जीतना है। हालिया समय में उनके भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच रोहित का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज में रोहित का प्रदर्शन साधारण रहा था। उन्होंने तीन पारियों में कुल 61 रन बनाए, जिसके बाद उनके फॉर्म और टीम में जगह को लेकर सवाल उठने लगे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में यशस्वी जायसवाल के शतक ने टीम में पीढ़ीगत बदलाव की बहस को और तेज कर दिया। हालांकि, इन तमाम चर्चाओं के बीच रोहित ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अभी वनडे प्रारूप को अलविदा कहने के मूड में नहीं हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में रोहित ने 50 ओवर के विश्व कप के प्रति अपनी भावनात्मक जुड़ाव को खुलकर साझा किया। उन्होंने कहा कि वनडे वर्ल्ड कप जीतना हमेशा से उनका सपना रहा है।

रोहित ने कहा, “मैं निश्चित रूप से मैदान पर उतरकर अपने देश के लिए वर्ल्ड कप जीतना चाहता हूं। यह हमेशा से मेरा सपना रहा है। मैंने बचपन में 50 ओवर का वर्ल्ड कप देखते हुए क्रिकेट सीखा है। उस समय न तो टी20 वर्ल्ड कप था और न ही आईपीएल। वही क्रिकेट का शिखर था, जो हर चार साल में होता था। उस एक ट्रॉफी का बहुत महत्व होता था। मैं उस ट्रॉफी को जीतना चाहता हूं और इसके लिए अपनी पूरी क्षमता से मेहनत करूंगा।”

रोहित का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उनके करियर की लंबी अवधि और टीम में भूमिका पर लगातार चर्चा हो रही है। हालांकि, उनके शब्द साफ संकेत देते हैं कि वह 2027 विश्व कप को अधूरा मिशन मानते हैं। गौरतलब है कि रोहित की कप्तानी में भारत ने 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल तक का सफर तय किया था, जहां टीम को घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। उस हार का दर्द अब भी रोहित के मन में है और वह एक बार फिर सबसे बड़े मंच पर खिताब जीतने की ठान चुके हैं।

2027 विश्व कप में अभी एक वर्ष से अधिक का समय बाकी है, ऐसे में रोहित के भविष्य को लेकर बहस जारी रह सकती है। फिलहाल, कप्तान का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है — वह दक्षिण अफ्रीका में खेलना चाहते हैं और भारत को वनडे विश्व कप जिताने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

रोहित शर्मा जुलाई 2026 में इंग्लैंड दौरे पर वनडे मुकाबलों के साथ एक बार फिर मैदान पर नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *