पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने लाइव शो में बाबर आज़म का उड़ाया मजाक

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान बाबर आज़म एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। कभी टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ माने जाने वाले बाबर अब अपनी जगह और फॉर्म को लेकर सवालों के घेरे में हैं। नीदरलैंड्स के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में वह 18 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, इसके बाद संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ उन्होंने 32 गेंदों पर 46 रन बनाकर कुछ हद तक वापसी के संकेत दिए।
इसके बावजूद पाकिस्तान के कुछ पूर्व खिलाड़ियों को भारत के खिलाफ होने वाले हाई-प्रोफाइल मुकाबले में उनके प्रदर्शन पर भरोसा नहीं है। अहमद शहज़ाद, मोहम्मद आमिर और राशिद लतीफ ने एक पाकिस्तानी टीवी शो में बाबर के प्रदर्शन को लेकर तीखी टिप्पणियां कीं और यहां तक कि मज़ाकिया अंदाज़ में दांव भी लगाए।
शो के दौरान अहमद शहज़ाद ने कहा कि अगर बाबर भारत के खिलाफ मैच जिताने में सफल रहते हैं, तो वह दर्शकों और सपोर्ट स्टाफ सहित सभी के लिए खाना लेकर आएंगे। शहज़ाद ने कहा, “उस दिन क्राउड कोऑर्डिनेटर को खाना नहीं लाना पड़ेगा। पूरी टीम को खाना मिलेगा।”
वहीं, शो के एंकर ने मोहम्मद आमिर की ओर से कहा कि अगर बाबर 160 के स्ट्राइक रेट से बड़ी पारी खेलते हुए पाकिस्तान को जीत दिलाते हैं, तो आमिर अपना रिटायरमेंट वापस लेने पर विचार करेंगे। इस पर शहज़ाद ने शर्त को थोड़ा ‘रियलिस्टिक’ बनाने की बात कही और सुझाव दिया कि अगर बाबर 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 50 से ज्यादा रन बनाकर टीम को जीत दिलाते हैं, तो ये शर्त लागू मानी जाएगी। आमिर ने इस संशोधित शर्त को स्वीकार कर लिया।
चर्चा के दौरान राशिद लतीफ ने भी चुटकी लेते हुए कहा, “वह इतनी देर तक बैटिंग भी नहीं करता,” जिससे स्टूडियो में मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
अब सभी की निगाहें भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर टिकी हैं, जहां बाबर आज़म के प्रदर्शन से न सिर्फ मैच का नतीजा, बल्कि उनके आलोचकों को जवाब भी तय हो सकता है।
