लाल किले के पीछे संदिग्ध कार मिली, फर्जी NIA आईडी बरामद; दो लोग हिरासत में

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: राजधानी में सुरक्षा के लिहाज से हाई अलर्ट जारी है। लाल किले के पीछे खड़ी संदिग्ध काली हुंडई संट्रो कार मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस की रूटीन चेकिंग के दौरान कार में बैठे दो व्यक्तियों से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए। एक संदिग्ध, मुदस्सिर के नाम से पहचाने गए व्यक्ति के पास नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मुदस्सिर इस नकली NIA आईडी का इस्तेमाल लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगने के लिए करता था। दिल्ली में हाल के हाई-प्रोफाइल इवेंट्स के बाद लाल किले क्षेत्र में सुरक्षा पहले से ही कड़ी थी। बम डिस्पोजल स्क्वायड और सिक्योरिटी यूनिट्स गहन चेकिंग कर रही थीं, तभी यह संदिग्ध वाहन पकड़ा गया।
सूत्रों के अनुसार, फर्जी आईडी असली NIA कार्ड से मिलती-जुलती है, जिससे यह सवाल उठा है कि इसे कैसे तैयार किया गया और किसने मदद की। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। केंद्रीय एजेंसियां संदिग्धों से गहन पूछताछ कर सकती हैं, और उन्हें जम्मू-कश्मीर समेत अन्य जगह ले जाया जा सकता है। जांच जारी है, पुलिस हाई अलर्ट पर बनी हुई है।
