धनुष के साथ रोमांस की अफवाह पर मृणाल ठाकुर ने कहा, उनकी बहुत बड़ी फैन हूं
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: हाल ही में अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर उड़ रही अफ़वाहों पर अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने बेहद सहज और हाज़िरजवाबी भरे अंदाज़ में प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता धनुष के साथ उनके नाम जोड़े जाने की लगातार अटकलों के बीच मृणाल ने साफ कर दिया कि उनके बीच का संबंध पूरी तरह पेशेवर है और वह उन्हें केवल एक कलाकार के रूप में बेहद सम्मान देती हैं।
अपनी फ़िल्म दो दीवाने शहर में के प्रचार के दौरान मिर्ची प्लस से बातचीत में मृणाल ने कहा कि वह धनुष की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं। उन्होंने बताया, “रायन, मारी, रांझणा, कैप्टन मिलर और असुरन देखने के बाद मैं उनकी बहुत बड़ी फैन हो गई हूँ। मैं असुरन कई बार देख सकती हूँ। वह अपने आप में एक संस्था हैं।” उन्होंने आगे कहा, “वह गीतकार हैं, लेखक हैं, नर्तक हैं, अभिनेता हैं, निर्देशक हैं — क्या नहीं हैं।”
मृणाल ने यह भी बताया कि जब धनुष फ़िल्म तेरे इश्क में की शूटिंग में व्यस्त थे, तब उन्होंने उन्हें अपनी फ़िल्म सन ऑफ सरदार 2 की स्क्रीनिंग के लिए आमंत्रित किया था। “मैंने उनसे बस इतना कहा, ‘सर, क्या आप स्क्रीनिंग पर आ सकते हैं?’ मुझे उम्मीद नहीं थी कि वह आएंगे। लेकिन जब वह आए, तो मुझे बहुत खुशी हुई। मैं सच में भविष्य में उनके साथ काम करना चाहती हूँ,” उन्होंने कहा।
अफ़वाहों का सिलसिला तब तेज़ हुआ जब अगस्त 2025 में सन ऑफ सरदार 2 के प्रीमियर पर मृणाल को धनुष का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए देखा गया। इसके बाद कुछ लोगों ने दोनों की शादी तक की अटकलें लगानी शुरू कर दीं। इन खबरों पर हँसते हुए मृणाल ने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा, “उनके मुताबिक तो शादी हो रही है,” और साफ किया कि इन अफ़वाहों में कोई सच्चाई नहीं है।
गौरतलब है कि मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी की फ़िल्म दो दीवाने शहर में आज सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई है।
