ऐक्टर विष्णु मांचू ने दुबई से शेयर किया डरावना वीडियो, आसमान में दिखीं मिसाइलें
चिरौरी न्यूज
मुंबई: विष्णु मांचू ने दुबई से मिडिल ईस्ट में जारी तनाव की भयावह झलक साझा की है। तेलुगू स्टार अपनी फैमिली से मिलने दुबई पहुंचे थे, जहां उन्होंने आसमान में संदिग्ध मिसाइल गतिविधि देखी। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है।
वीडियो में विष्णु रात के आसमान की ओर कैमरा घुमाते नजर आते हैं। चांद साफ दिखाई दे रहा है, तभी आसमान में तेज रोशनी की एक लकीर उभरती है, जो कुछ ही पलों में हवा में गायब हो जाती है। इस दौरान उनकी छोटी बेटी आयरा और पत्नी उसे ‘फायर फ्लाई’ कहती सुनाई देती हैं। हालांकि, धमाकों की आवाज से घर हिलने लगा, जिससे उनकी बेटी बुरी तरह डर गई। वीडियो में विष्णु अपनी बेटी को पास बुलाते हैं और उनके चेहरे पर चिंता साफ झलकती है।
वीडियो शेयर करते हुए विष्णु ने लिखा, “आज रात दुबई में परिवार से मिलने आया हूं। आसमान में मिसाइलें साफ दिख रही हैं। तेज धमाकों से हमारा घर हिल गया और छोटी आयरा डर गई। शांति की प्रार्थना करता हूं। किसी भी बच्चे को अपने घर की छत के ऊपर युद्ध की आवाज सुनते हुए बड़ा नहीं होना चाहिए। नागरिकों की सुरक्षा के लिए यूएई की रक्षा सेनाओं का आभार। ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि जीवन कितना नाजुक है। शक्ति और शांति की प्रार्थना करता हूं। हर हर महादेव।”
यह पोस्ट ऐसे समय में सामने आई है जब पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमलों के बाद क्षेत्र में हालात बिगड़ गए हैं। जवाबी कार्रवाई में ईरान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबरें भी सामने आई हैं, जिससे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है।
बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा है। कई उड़ानों में देरी और रद्दीकरण की खबरें हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों—खासतौर पर भारतीयों—को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दुबई जैसे सुरक्षित माने जाने वाले शहर में भी धमाकों की गूंज और आसमान में दिखती गतिविधियां इस बात का संकेत हैं कि क्षेत्रीय संघर्ष का प्रभाव आम नागरिकों तक पहुंच रहा है। ऐसे हालात में शांति और स्थिरता की उम्मीद ही सबसे बड़ी राहत है।
