विराट कोहली हमेशा RCB के आइकन और हीरो रहेंगे: मो बोबट

Virat Kohli will always be an icon and hero of RCB: Mo Bobat
(FIle Pic: RCB/Twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के क्रिकेट डायरेक्टर मो बोबट ने टीम के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली को फ्रेंचाइज़ी का स्थायी आइकन और हीरो बताया है। उन्होंने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में लगभग दो दशकों तक लगातार टीम का प्रतिनिधित्व करने के बाद कोहली की पहचान आरसीबी से हमेशा जुड़ी रहेगी।

कोहली ने लगातार 18 सीज़न तक आरसीबी के लिए खेलते हुए खुद को टीम की पहचान बना लिया है। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में उनकी यादगार पारियां और हर मैच में लाल जर्सी पहने दर्शकों का उत्साह, दोनों ही उनके सफर की कहानी बयां करते हैं।

आरसीबी पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बोबट ने कहा, “विराट कोहली हमेशा इस टीम के आइकन और हीरो रहेंगे। उनका रिकॉर्ड शानदार है और वह इस सम्मान के पूरी तरह हकदार हैं।”

उन्होंने कोहली की निरंतरता को उनकी विरासत का सबसे मजबूत स्तंभ बताया। पिछले सीज़न में कोहली ने IPL में 9,000 रन पूरे किए — और खास बात यह है कि ये सभी रन आरसीबी के लिए आए। बोबट ने कहा कि 18 साल तक एक ही टीम के लिए खेलते हुए हर सीज़न औसतन 500 रन बनाना असाधारण उपलब्धि है। उनके मुताबिक, कई खिलाड़ी एक 500 रन वाले सीज़न से संतुष्ट हो जाते हैं, लेकिन कोहली ने इसे लगातार 18 साल तक कायम रखा, जो बेहद खास है।

पिछले साल आरसीबी ने कप्तान रजत पटीदार की अगुवाई में अपना पहला IPL खिताब जीतकर लंबा इंतजार खत्म किया। यह फ्रेंचाइज़ी के इतिहास का एक यादगार पल था, क्योंकि इससे पहले टीम कई बार मजबूत खिलाड़ियों के बावजूद खिताब से चूक गई थी।

बोबट ने बताया कि फाफ डु प्लेसिस से कप्तानी लेकर पाटीदार को जिम्मेदारी सौंपने का फैसला उनके करियर के सबसे सोच-समझकर लिए गए फैसलों में से एक था। उन्होंने कहा कि फाफ एक बेहतरीन कप्तान और खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन टीम को भविष्य को ध्यान में रखते हुए बदलाव करना जरूरी लगा। बड़े ऑक्शन ने टीम को नई शुरुआत का मौका दिया और प्रबंधन को लगा कि भारतीय प्रतियोगिता में एक भारतीय कप्तान होना महत्वपूर्ण है।

बोबट ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने और मुख्य कोच एंडी फ्लॉवर ने 2024 सीज़न के बाद लंदन में कोहली से नेतृत्व परिवर्तन को लेकर विस्तार से चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि कोहली हमेशा नेतृत्व के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन यह फैसला सिर्फ तीन लोगों का नहीं, बल्कि पूरी फ्रेंचाइज़ी के भविष्य से जुड़ा था। कोहली ने भी समझदारी दिखाते हुए टीम के व्यापक हित को प्राथमिकता दी।

आने वाले सीज़न को लेकर बोबट ने साफ किया कि टीम “डिफेंडिंग चैंपियन” की मानसिकता के साथ नहीं उतरेगी। उन्होंने कहा, “हम किसी चीज़ का बचाव नहीं कर रहे हैं, बल्कि नई उपलब्धि हासिल करने की सोच के साथ मैदान में उतरेंगे। हमारा लक्ष्य लगातार दूसरी बार खिताब जीतना है।”

आरसीबी अब मौजूदा चैंपियन के रूप में नए सीज़न की तैयारी कर रही है और टीम का फोकस नए मानक स्थापित करने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *