बिहार में सियासी बदलाव के संकेत: सीएम नीतीश कुमार जा सकते हैं राज्यसभा, निशांत की पॉलिटिक्स में एंट्री?

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बिहार की राजनीति में इन दिनों चर्चाओं का बाज़ार गर्म है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा का रुख कर सकते हैं। हालांकि अभी तक इस पर कोई फ़ैसला नहीं हो पाया है, लेकिन पार्टी सूत्रों ने कहा कि जेडीयू के बड़े नेताओं ने सीएम नीतीश कुमार को मनाने का प्रायस किया है। अगर ऐसा होता है तो यह न सिर्फ जदयू बल्कि पूरे बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव माना जाएगा। बता दें कि कल राज्यसभा के लिए नामांकन का अखिरी दिन है।
इसी के साथ एक और चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में प्रवेश की चर्चा भी पार्टी के अंदर है। जदयू के कई वरिष्ठ नेताओं ने हाल के महीनों में संकेत दिए हैं कि निशांत कुमार को राजनीति में आना चाहिए।
जदयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने भी इस मुद्दे पर खुलकर बयान दिया है। उन्होंने कहा, “अगर निशांत कुमार राजनीति में आते हैं तो उनका स्वागत है। वे पढ़े-लिखे और समझदार हैं। पार्टी को युवा नेतृत्व की जरूरत है, और उन्हें आगे आकर जनता की सेवा करनी चाहिए।” श्रवण कुमार के इस बयान के बाद सियासी अटकलें और तेज हो गई हैं।
पार्टी के अंदरूनी हलकों में यह भी कहा जा रहा है कि अगर वह औपचारिक तौर पर राजनीति में कदम रखते हैं, तो उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। यहां तक कि कुछ राजनीतिक विश्लेषक यह कयास भी लगा रहे हैं कि भविष्य में उन्हें बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं, तो सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? जदयू और एनडीए गठबंधन के समीकरणों को देखते हुए कई नामों की चर्चा है। उपमुख्यमंत्री पद पर मौजूद नेता, पार्टी के वरिष्ठ चेहरे या फिर गठबंधन सहयोगियों में से किसी को यह जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व और गठबंधन की सहमति से ही होगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना एक रणनीतिक कदम हो सकता है, जिससे वह राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकें। वहीं, निशांत कुमार की एंट्री को पार्टी में नई पीढ़ी के नेतृत्व की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
फिलहाल ये सारी बातें अटकलों के दायरे में हैं, लेकिन इतना तय है कि अगर ये बदलाव होते हैं तो बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होगा।
