‘धुरंधर: द रिवेंज’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, रणवीर सिंह के डबल रोल ने मचाया धमाल
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है और रिलीज होते ही यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। लगभग तीन मिनट के इस ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, इमोशन और ड्रामा की झलक देखने को मिल रही है।
फिल्म में रणवीर सिंह का डबल अवतार खास तौर पर दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। ट्रेलर में उनका एक लुक लंबे बाल और दाढ़ी वाला दिखाई देता है, जबकि दूसरा लुक क्लीन-शेव्ड है, जो कहानी में दिलचस्प मोड़ का संकेत देता है।
वहीं संजय दत्त एक बार फिर एसपी चौधरी असलम के किरदार में अपने रौबदार अंदाज के साथ नजर आ रहे हैं। उनके किरदार की क्रूरता और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस ट्रेलर में साफ दिखाई देती है। दूसरी ओर सारा अर्जुन का किरदार भी पहले से ज्यादा मजबूत और आक्रामक नजर आता है, जहां वह हाथ में बंदूक लिए गुस्से से भरी दिखाई देती हैं।
फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फैंस ने अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया है।
एक यूजर ने लिखा, “मास, पावर और मैडनेस – ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर नया बेंचमार्क सेट कर रहा है। 19 मार्च को थिएटर में धमाका होगा।” वहीं एक अन्य यूजर ने निर्देशक की तारीफ करते हुए कहा कि आदित्य धर ने इस बार खुद को भी पीछे छोड़ दिया है और यह ट्रेलर पहली फिल्म से भी ज्यादा दमदार लग रहा है।
यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को Jio Studios और B62 Studios ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। दर्शकों को उम्मीद है कि एक्शन और ड्रामा से भरपूर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ा धमाका कर सकती है।
