T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले पीयूष चावला की सलाह: भावनाओं पर काबू रखे टीम इंडिया
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: T20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय स्पिनर पीयूष चावला ने टीम इंडिया को अहम सलाह दी है। उनका मानना है कि रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए खिलाड़ियों को अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना होगा।
चावला ने कहा कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में दबाव होना स्वाभाविक है, खासकर तब जब टीम घरेलू मैदान पर खेल रही हो और करोड़ों प्रशंसकों की उम्मीदें उससे जुड़ी हों। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को इस दबाव को सकारात्मक ऊर्जा में बदलते हुए मैदान पर खुलकर खेलना चाहिए।
उन्होंने कहा, “जब इतने लोग आपसे जीत की उम्मीद करते हैं और आपको फेवरेट माना जाता है, तो थोड़ा दबाव जरूर बनता है। ऐसे में जरूरी है कि खिलाड़ी मैदान पर जाकर अपनी भावनाओं को नियंत्रित करें और खुद को अभिव्यक्त करें।”
चावला ने कहा कि बड़े फाइनल में घबराहट होना सामान्य है, लेकिन घरेलू दर्शकों का समर्थन खिलाड़ियों को अतिरिक्त प्रेरणा देता है। उनके मुताबिक जब पूरा स्टेडियम टीम के समर्थन में चीयर करता है तो खिलाड़ियों के अंदर कुछ खास करने की भावना पैदा होती है और यही टीम को मजबूत बनाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि जीत सिर्फ प्लेइंग इलेवन पर निर्भर नहीं करती, बल्कि पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ की एकजुटता से सफलता मिलती है।
भारत के फाइनल तक पहुंचने के सफर को याद करते हुए चावला ने विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन की खास तौर पर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वेस्ट इंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले में सैमसन की पारी शानदार थी।
चावला के अनुसार 195 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उसने मुश्किल मैच को भी आसान बना दिया। उन्होंने कहा कि यही उनकी बल्लेबाजी की खूबसूरती है।
सैमसन ने सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड के खिलाफ आक्रामक अंदाज जारी रखा और तेज रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
